Sunday, July 12, 2026
HomeHImachal NewsUnaकुटलैहड़ प्रवास पर पहुंचे लोक निर्माण युवा मंत्री राजा विक्रमादित्य सिंह, विधायक...

कुटलैहड़ प्रवास पर पहुंचे लोक निर्माण युवा मंत्री राजा विक्रमादित्य सिंह, विधायक विवेक शर्मा से विकास पर हुई विस्तृत चर्चा

सड़कों के रखरखाव के लिए पहले किए हैं 24 करोड़ मंजूर, सभी लिंक रोड के एस्टीमेट होंगे स्वीकृत,

बंगाणा

हिमाचल प्रदेश सरकार में लोक निर्माण युवा मंत्री राजा विक्रमादित्य सिंह अपने कुटलैहड़ प्रवास के दौरान एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे। इस दौरान उनकी कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा के साथ विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में विशेष रूप से क्षेत्र की सड़कों की स्थिति, नई लिंक सड़कों के निर्माण, लंबित विकास कार्यों तथा भविष्य की योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। विधायक विवेक शर्मा ने मंत्री के समक्ष कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की प्राथमिकताओं को रखते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की और विकास कार्यों में सरकार से सहयोग का आग्रह किया। विधायक विवेक शर्मा ने मंत्री को बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की सड़कों के रखरखाव एवं मरम्मत के लिए 24 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने इसके लिए सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस राशि से क्षेत्र की कई प्रमुख सड़कों की दशा में सुधार होगा और लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा क्षेत्र की अनेक ग्रामीण लिंक सड़कें अभी भी ऐसी हैं, जिनके निर्माण और उन्नयन के लिए अतिरिक्त धनराशि की आवश्यकता है। उन्होंने मंत्री से आग्रह किया कि इन परियोजनाओं को भी प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दी जाए। विधायक विवेक शर्मा की बात को गंभीरता से सुनते हुए लोक निर्माण युवा मंत्री राजा विक्रमादित्य सिंह ने उन्हें पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि शहरी विकास मंत्रालय के तहत कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की जिन-जिन लिंक सड़कों के विस्तृत प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार कर भेजे जाएंगे, उन सभी प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य गांव-गांव तक मजबूत सड़क नेटवर्क उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके और विकास की गति तेज हो। युवा मंत्री राजा विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कुटलैहड़ विधान सभा क्षेत्र उनके लिए किसी दूसरे क्षेत्र की तरह नहीं, बल्कि अपना विधानसभा क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि उनके पिता एवं हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह का कुटलैहड़ की जनता के साथ वर्षों पुराना आत्मीय और पारिवारिक रिश्ता रहा है। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ के लोगों ने हमेशा उनके परिवार को स्नेह और सम्मान दिया है और वह स्वयं भी इस क्षेत्र के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि विकास किसी एक दल या व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र और जनता का विषय है। यदि जनप्रतिनिधि और सरकार मिलकर सकारात्मक सोच के साथ कार्य करें तो विकास की गति कई गुना बढ़ सकती है। उन्होंने विधायक विवेक शर्मा की ओर से रखे गए विकास प्रस्तावों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार जनहित से जुड़े हर प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करेगी। विधायक विवेक शर्मा ने मंत्री राजा विक्रमादित्य सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार का सहयोग मिलने से कुटलैहड़ में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।उन्होंने विश्वास जताया कि सड़कों सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। लोक निर्माण युवा मंत्री राजा विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वह विधायक विवेक शर्मा के साथ समन्वय बनाकर कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र को विकास का मॉडल बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास से जुड़े जो भी व्यवहारिक और जनहितकारी प्रस्ताव आएंगे, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दी जाएगी, ताकि कुटलैहड़ प्रदेश के अग्रणी विधानसभा क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बना सके। इस मौके पर बड़ी संख्या में गणमान्य मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular