Sunday, July 12, 2026
HomeHImachal NewsUnaबंगाणा बीडीसी अध्यक्ष चुनाव में देरी पर भड़के पूर्व विधायक दविंदर कुमार...

बंगाणा बीडीसी अध्यक्ष चुनाव में देरी पर भड़के पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो, सरकार प्रशासन और विधायक पर लगाए आरोप,

बंगाणा प्रशासन जितनी मर्जी तारीखें आगे बढ़ा ले, लेकिन बंगाणा बीडीसी अध्यक्ष,उपाध्यक्ष भाजपा के ही बनेंगे,दविंदर कुमार भुट्टो

बंगाणा

बंगाणा

कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने उपमंडल बंगाणा में बीडीसी अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव में हो रही देरी को लेकर प्रदेश सरकार, स्थानीय प्रशासन और क्षेत्रीय विधायक पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायती राज चुनाव संपन्न हुए लगभग 40 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक बंगाणा विकास खंड को बीडीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष नहीं मिल पाए हैं। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों को उनका संवैधानिक अधिकार समय पर मिलना चाहिए। भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि उपमंडल बंगाणा में 19 बीडीसी सदस्य हैं, जिनमें से 14 सदस्य भाजपा के समर्थन में हैं। ऐसे में स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव लगातार टाले जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और प्रशासन जानबूझकर चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाने से बच रहे हैं, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित हो।

पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि पहले चुनाव की तारीख तय की जाती है और फिर अंतिम समय में उसे स्थगित कर दिया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कभी चुनाव से दो दिन पहले अधिसूचना जारी कर चुनाव रद्द कर दिए जाते हैं, तो कभी मतदान की तिथि आगे बढ़ा दी जाती है। उनके अनुसार इस तरह की कार्यप्रणाली लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है और इससे निर्वाचित प्रतिनिधियों तथा जनता दोनों में असंतोष बढ़ रहा है। भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि प्रशासन को निष्पक्ष होकर कार्य करना चाहिए, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि बंगाणा प्रशासन सत्ता के दबाव में काम कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन क्षेत्रीय विधायक के इशारों पर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों को यह नहीं भूलना चाहिए कि समय हमेशा एक जैसा नहीं रहता और अधिकारियों को केवल कानून तथा संविधान के अनुसार कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखती है और जनता के जनादेश का सम्मान करती है। यदि भाजपा को स्पष्ट बहुमत प्राप्त है तो लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुसार अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव शीघ्र कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव में अनावश्यक देरी लोकतंत्र की भावना के विपरीत है।
पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने अपने लंबे राजनीतिक अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि वह वर्ष 2000 से 2020 तक लंबे समय तक बंगाणा बीडीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर रहे हैं। इस दौरान प्रदेश में विभिन्न राजनीतिक दलों की सरकारें रहीं, लेकिन उन्होंने कभी ऐसी स्थिति नहीं देखी, जहां निर्वाचित निकाय के गठन में इस प्रकार की देरी की गई हो। उन्होंने कहा कि पहले प्रशासन राजनीतिक दबाव से ऊपर उठकर कार्य करता था, जबकि वर्तमान में स्थिति अलग दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि अधिकारी किसी भी सरकार के अधीन कार्य करते हैं, लेकिन उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी निष्पक्षता बनाए रखना कानून के अनुसार निर्णय लेना है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान प्रशासन अपनी निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रशासन किसी विधायक या सरकार की “कठपुतली” बन सकता है, लेकिन लोकतांत्रिक विचारधारा और जनता के जनादेश को नहीं बदल सकता। भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो ने मांग की कि उपमंडल बंगाणा में बीडीसी अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव की नई तिथि बिना किसी और विलंब के घोषित की जाए तथा चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराए जाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में पूरा विश्वास रखती है और यदि भविष्य में भी चुनाव टालने का प्रयास किया गया तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से इसका विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि बंगाणा की जनता ने अपना जनादेश दे दिया है और अब प्रशासन तथा सरकार का दायित्व है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कर स्थानीय निकाय को पूर्ण रूप से कार्यशील बनाया जाए।

RELATED ARTICLES

Most Popular