Monday, September 7, 2026
HomeNation WiseJharkhandझारखंड के दुल्ली जंगल से मिला 10 दिन पुराना सड़ा-गला शव, कपड़ों...

झारखंड के दुल्ली जंगल से मिला 10 दिन पुराना सड़ा-गला शव, कपड़ों और जूतों से हुई मांडर के युवक की पहचान

दैनिक जागो वर्ल्ड झारखंड

मैक्लुस्कीगंज के दुल्ली करमकोचा जंगल में 10 दिन पुराना सड़ा-गला शव मिला, जिसकी पहचान मांडर के राम कच्छप लोहरा के रूप में हुई।

मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र के दुल्ली करमकोचा जंगल से एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव कई दिन पुराना होने के कारण उसकी पहचान करना मुश्किल था, लेकिन कपड़ों और जूतों के आधार पर उसकी पहचान मांडर थाना क्षेत्र के बांसजाड़ी निवासी राम कच्छप लोहरा के रूप में की गई।मामले में मृतक के स्वजनों की शिकायत पर सात लोगों के विरुद्ध मारपीट और हत्या का नामजद मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।जानकारी के अनुसार सोमवार देर शाम दुल्ली करमकोचा जंगल में गाय चराने गए चरवाहों की नजर झाड़ियों के बीच पड़े एक सड़े-गले शव पर पड़ी। शव मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही मैक्लुस्कीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि लगभग 10 दिन पहले मांडर थाना में एक व्यक्ति की गुमशुदगी का सनहा दर्ज कराया गया था। इसके बाद पुलिस ने मृतक के स्वजनों को बुलाकर शव की पहचान कराई। परिजनों ने कपड़ों और जूतों के आधार पर शव की पहचान राम कच्छप लोहरा (पिता- सोमेश लोहरा), निवासी ग्राम बांसजाड़ी, पोस्ट महुआजाड़ी, थाना मांडर के रूप में की।मृतक की मां लक्ष्मी देवी ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा अपनी पत्नी की तलाश में मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र के हुटाप गांव स्थित अपने साढ़ू के घर आया था। वहां से निकलते समय उसने बताया था कि वह पत्नी की खोजबीन के लिए जा रहा है, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो मांडर थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। बाद में दुल्ली जंगल में शव मिलने की सूचना पर स्वजन पहुंचे और शव की पहचान की।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के स्वजनों की शिकायत पर सात लोगों के विरुद्ध मारपीट एवं हत्या का नामजद मामला दर्ज किया गया है।पुलिस आरोपियों की भूमिका, घटना के कारण और हत्या के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular