दैनिक जागो वर्ल्ड !

दिवाली और छठ पूजा के लिए दिल्ली, मुंबई और गुजरात से उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में अभी से सीटें भर चुकी हैं या लंबी वेटिंग है। यात्रियों को अब रेलवे की फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों से राहत मिलने की उम्मीद है। दिवाली व छठ पूजा पर घर लौटने की तैयारी कर रहे प्रवासियों के लिए रेल सफर इस बार भी चुनौतीपूर्ण रहने वाला है। त्योहार नवंबर में हैं, लेकिन दिल्ली, मुंबई व गुजरात से उत्तर प्रदेश, बिहार व झारखंड आने वाली प्रमुख ट्रेनों में अभी से सीटों का संकट गहराने लगा है। कई ट्रेनों में कंफर्म टिकट उपलब्ध नहीं है, जबकि कुछ में वेटिंग भी तेजी से बढ़ रही है।

कई ट्रेनों में तो सभी श्रेणियों में नो रूम की स्थिति बन गई है। ऐसे में यात्रियों की उम्मीद अब रेलवे की फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों पर टिकी है। दिल्ली से बिहार व पूर्वांचल आने वाली प्रमुख ट्रेनों में स्थिति सबसे अधिक खराब है। नई दिल्ली-राजेंद्र नगर पटना तेजस राजधानी, डिब्रूगढ़ राजधानी, अगरतला तेजस राजधानी, पूर्वा एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति, पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति, ब्रह्मपुत्र मेल, सीमांचल, मगध, महानंदा, श्रमजीवी व फरक्का एक्सप्रेस में त्योहार के आसपास कंफर्म टिकट नहीं मिल रहा है।
