शिमला-टीना ठाकुर

जिला शिमला के थाना सुन्नी क्षेत्र में लापता युवक का शव बरामद होने का मामला सामने आया है। 13 अप्रैल 2026 को ततापानी निवासी एक राफ्टिंग ऑपरेटर ने सूचना दी कि घरयाणा के नीचे सतलुज नदी किनारे एक शव दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से पेड़ों में फंसे गली-सड़ी अवस्था के शव को बाहर निकाला गया। शव को कब्जे में लेकर पहचान और पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल सुन्नी के शवगृह में सुरक्षित रखा गया।
प्रारंभिक जांच में शव के कपड़े और हुलिया 21 दिसंबर 2025 को दर्ज गुमशुदगी रिपोर्ट से मेल खाते पाए गए। इसके बाद परिजनों को बुलाया गया, जिन्होंने 14 अप्रैल 2026 को कपड़ों, जूतों और कद-काठी के आधार पर शव की पहचान दुर्गेश उर्फ काकू निवासी हिमरी, तहसील सुन्नी के रूप में की।
जांच में सामने आया कि मृतक की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और परिजनों ने भी किसी प्रकार का संदेह नहीं जताया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार युवक की मौत पानी में डूबने से हुई है। मौके की परिस्थितियों के अनुसार सुन्नी-ततापानी मार्ग के कई स्थान क्षतिग्रस्त और जोखिमपूर्ण हैं तथा घने पेड़-पौधों के कारण अंधेरा रहता है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि युवक का पैर फिसलने से वह नदी में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है। पुलिस द्वारा इस मामले में धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

