बीबीएन
हिमाचल प्रदेश में विश्व हिन्दू परिषद द्वारा चलाए जा रहे सांसद संपर्क अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों से संवाद का दायरा लगातार बढ़ रहा है। इसी क्रम में शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप से भेंट कर विभिन्न राष्ट्रीय विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सांसद को धार्मिक, सामाजिक एवं राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों से अवगत कराया गया और इन पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।
इस दौरान बजरंग लाल बागड़ा के मार्गदर्शन में तीन प्रमुख विषयों को प्रमुखता से रखा गया। इसके अंतर्गत पूरे देश में संपर्क प्रमुखों के माध्यम से सांसदों को इन विषयों से अवगत कराने का कार्य किया जा रहा है।
इन विषयों में धार्मिक शिक्षा में समान अधिकार (अनुच्छेद 29–30), जनसंख्या संतुलन तथा तीर्थ एवं मंदिर प्रबंधन शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसर सुनिश्चित करना आवश्यक है, वहीं जनसंख्या संतुलन को देश की दीर्घकालिक स्थिरता से जोड़ा गया। इसके साथ ही मंदिरों एवं तीर्थस्थलों के प्रबंधन को अधिक पारदर्शी एवं समाज-केंद्रित बनाने पर जोर दिया गया।
सांसद संपर्क अभियान के तहत अनुराग ठाकुर, डॉ. सिकंदर कुमार, हर्ष महाजन, इंदु गोस्वामी तथा राजीव भारद्वाज से भी भेंट कर इन विषयों पर चर्चा की जा चुकी है। सभी सांसदों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक रुख अपनाया और इन्हें संसद में उठाने का आश्वासन दिया।
सह-प्रांत प्रमुख (विशेष संपर्क) सुरुचि शर्मा ने बताया कि अभियान के अंतर्गत माननीय सांसदों से मिलकर उन्हें इन महत्वपूर्ण विषयों से अवगत कराया जा रहा है तथा संवाद के माध्यम से इन मुद्दों को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिमला क्षेत्र में भी इस अभियान को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
