दैनिक जागो वर्ल्ड हिमाचल

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में निगुलसरी के पास NH-5 पर भारी भूस्खलन से मार्ग अवरुद्ध हो गया है, जिससे रामपुर, शिमला और रिकांगपिओ के बीच वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है।

हिमाचल प्रदेश में जिला किन्नौर के निगुलसरी के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर वीरवार सुबह भारी भूस्खलन के कारण मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर सड़क पर आ गिरने से रामपुर, शिमला और रिकांगपिओ के बीच वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। लैंडस्लाइड के दौरान वाहन सवार बाल-बाल बच गए। घटना में किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं हैभूस्खलन के बाद दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में निगुलसरी क्षेत्र में बार-बार भूस्खलन की घटनाएं सामने आने से स्थानीय लोगों और यात्रियों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं।राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि पहाड़ी से पत्थर गिरने का सिलसिला पूरी तरह थमने के बाद ही मलबा हटाने का कार्य शुरू किया जाएगा। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

इस बीच प्रशासन ने यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग के रूप में चौरा-छोटा कंबा-सोल्डिंग पुल मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी है। हालांकि, यह मार्ग लंबा होने के कारण यात्रियों को अतिरिक्त समय और दूरी तय करनी पड़ रही है।लगातार हो रहे भूस्खलन ने एक बार फिर एनएच-5 की संवेदनशीलता और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। यात्रियों से मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की गई है।
