नशा माफिया पर प्रहार: शिक्षा विभाग के 10 कर्मियों पर गिरेगी गाज, तैयारी पूरी
जागो! शिमला/ टीना ठाकुर

नशे में संलिप्त शिक्षा विभाग से जुड़े 10 कर्मचारियों को नौकरी से जल्द बर्खास्त करने की तैयारी है। बर्खास्त करने से पहले प्रदेश सरकार ने इनके मामलों का परीक्षण करने के आदेश दिए हैं। सरकार के आदेश सचिव शिक्षा ने सभी उपनिदेशकों को सर्कुलर कर दिए हैं। इन कर्मचारियों की सूची भी जारी की है। इनमें जेबीटी शिक्षक दयाल सिंह, क्लर्क ओम कृष्ण और वरिष्ठ सहायक त्रिलोक नेगी पर गंभीर अपराध में मामला दर्ज है। इनके अलावा क्लर्क अविनाश कपिल, एमटीडब्ल्यू सम्मी कुमार, शिक्षक पंकज सिंह, शिक्षक विजेंद्र सिंह, लैब तकनीशियन अमन कुमार और शिक्षक अंकुश शर्मा पर मादक पदार्थ इस्तेमाल करने के आरोप में मामले दर्ज हैं।सरकार ने नशे के कारोबार और चिट्टे के मामलों में संलिप्त सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए ऐसे कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उच्च शिक्षा विभाग ने जारी पत्र में शिक्षा विभाग और विश्वविद्यालय प्रशासन को ऐसे मामलों की समीक्षा कर जल्द कार्रवाई करने को कहा है। सरकार ने हाल ही में आयोजित नेशनल कोऑर्डिनेशन ऑन ड्रग एनफोर्समेंट की बैठक में प्रदेश में बढ़ रहे चिट्टा और नशे के कारोबार पर गंभीर चिंता जताई गई। सरकार ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत स्पष्ट किया है कि जो सरकारी कर्मचारी नशे से जुड़ा पाया जाएगा, उनके खिलाफ सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में शिक्षा विभाग ने स्कूल शिक्षा निदेशक, उच्च शिक्षा निदेशक और विश्वविद्यालय प्रशासन को ऐसे मामलों की जांच कर संविधान के अनुच्छेद 311(2)(बी) और एनडीपीएस अधिनियम 1985 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करने को कहा है।

