Sunday, September 6, 2026
HomeHImachal Newsहिमाचल में बदले जाएंगे हजारों प्राइमरी टीचर, सरकार की युक्तीकरण को मंजूरी;...

हिमाचल में बदले जाएंगे हजारों प्राइमरी टीचर, सरकार की युक्तीकरण को मंजूरी; 3209 स्कूल हैं एक शिक्षक के सहारे

दैनिक जागो वर्ल्ड हिमाचल

हिमाचल सरकार ने प्राथमिक स्कूलों में जेबीटी शिक्षकों के युक्तीकरण को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है, जिससे हजारों शिक्षकों का स्थानांतरण होगा। यह कदम शिक्षकों के असमान वितरण को दूर करने के लिए उठाया है।हिमाचल प्रदेश में प्राथमिक शिक्षक संघ (पीटीएफ) के क्रमिक अनशन के बीच राज्य सरकार ने प्राथमिक स्कूलों में तैनात जेबीटी शिक्षकों के युक्तीकरण को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। लंबे समय से इसकी तैयारी में जुटा शिक्षा विभाग अब प्रक्रिया को धरातल पर उतारने की तैयारी में है। युक्तीकरण के तहत कम छात्र संख्या वाले स्कूलों से शिक्षकों को अधिक जरूरत वाले स्कूलों में भेजा जाएगा। इससे आने वाले समय में हजारों जेबीटी शिक्षकों के स्थानांतरण की संभावना है।

प्रदेश में करीब 3209 प्राथमिक स्कूल ऐसे हैं, जहां एक-एक शिक्षक तैनात है। इनमें कई स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या 20 से 25 तक है। दूसरी ओर कुछ ऐसे स्कूल भी हैं, जहां विद्यार्थियों की संख्या महज 10 से 12 है, लेकिन वहां दो-दो शिक्षक तैनात हैं। शिक्षकों के इस असमान वितरण को दूर करना युक्तिकरण का प्रमुख आधार रहेगा।बीते दिनों शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में युक्तीकरण पर चर्चा हुई थी। सरकार की मंजूरी के बाद अब जिला स्तर पर इसकी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। जेबीटी का जिला कैडर होने के कारण उपनिदेशक शिक्षकों का युक्तीकरण करेंगे। इसमें विद्यार्थियों की संख्या, उपलब्ध शिक्षक, स्वीकृत पद और अन्य निर्धारित मानकों को आधार बनाया जाएगा।

सबसे अधिक प्राथमिकता उन स्कूलों को दी जाएगी, जहां विद्यार्थियों की संख्या अधिक होने के बावजूद केवल एक शिक्षक सेवाएं दे रहा है।शिक्षा विभाग ने जेबीटी के रिक्त पद भरने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। बैचवाइज और सीधी भर्ती के माध्यम से नियुक्तियां की जा रही हैं। ऐसे में विभाग एक ओर नए जेबीटी शिक्षकों की भर्ती कर रिक्तियां भरने की दिशा में बढ़ेगा, वहीं दूसरी ओर मौजूदा शिक्षकों को जरूरत के अनुसार स्कूलों में पुनर्वितरित किया जाएगा। इससे शिक्षकों की कमी वाले स्कूलों में व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।सरकार का यह फैसला उस समय आया है, जब प्राथमिक शिक्षक संघ युक्तीकरण के विरोध में क्रमिक अनशन कर रहा है। सरकार की सैद्धांतिक मंजूरी के बाद युक्तीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ने पर शिक्षक संघ और सरकार के बीच खींचतान और तेज होने के आसार हैं।उधर, हिमाचल प्रदेश राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ (पीटीएफ) का क्रमिक अनशन 14वें दिन भी जारी रहा। शनिवार को राज्य महिला विंग की पदाधिकारियों ने शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा एवं न्यायपूर्ण मांगों की पूर्ति के लिए क्रमिक अनशन में भाग लिया। महिला शक्ति भी पूरी निष्ठा और ताकत के साथ इस आंदोलन में भाग ले रहीं हैं। क्रमिक अनशन पर महिला विंग की अध्यक्षा सुनीता शर्मा, सुशीला नेगी महासचिव, आशा रानी, मीना ठाकुर व कृष्णा ठाकुर शामिल हुई।

RELATED ARTICLES

Most Popular