दैनिक जागो वर्ल्ड !

उफनती गंगा के कारण कोलकाता से पटना जा रहा पर्यटक जहाज ‘राजमहल’ भागलपुर में रोका गया। जहाज में सवार 9 विदेशी पर्यटकों को सुरक्षित ट्रेन से पटना भेजा गया, जबकि जहाज भागलपुर में ही खड़ा है।राष्ट्रीय जलमार्ग संख्या-1 (गंगा नदी) के रास्ते पश्चिम बंगाल के कोलकाता से विदेशी पर्यटकों को लेकर बिहार की राजधानी पटना की यात्रा पर निकला विशाल पर्यटक जहाज ‘राजमहल’ बाढ़ के चलते भागलपुर में रोक दिया गया है। गंगा नदी के उच्चतम बाढ़ स्तर के करीब बहने के कारण सुरक्षा कारणों से जहाज को आगे भेजने के बजाय भागलपुर में ही स्टैंडबाई रखने का निर्णय लिया गया है।

जहाज को बड़ी खंजरपुर स्थित भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) के उप कार्यालय के समीप सिटी चैनल के मध्य सुरक्षित स्थान पर लंगर डालकर खड़ा किया गया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, राजमहल जहाज मंगलवार की सुबह करीब 9:00 बजे भागलपुर की सीमा में पहुंचा था। जहाज के पहुंचते ही भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों की टीम पूरी तरह सक्रिय हो गई।
