परवाणु/ अमित ठाकुर

वीरवार को पुलिस अधीक्षक बद्दी के दिशा-निर्देशों पर स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बद्दी पुलिस द्वारा पूरे बीबीएन क्षेत्र (बद्दी–बरोटीवाला–नालागढ़) में एक विशेष सुरक्षा अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर कुल 53 स्कूली बसों की मौके पर चैकिंग कर सुरक्षा उपकरणों, सड़क सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों के पालन का बारीकी से आकलन किया तथा नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान अलग-अलग शीर्षकों के अंतर्गत कुल 11 चालान किए गए, जिनमें बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट 01 चालान, निर्धारित वर्दी के बिना वाहन चलाने पर 02 चालान तथा बिना सीट बेल्ट लगाए वाहन चलाने पर 8 चालान किए गए।
एसपी बद्दी श्री विनोद कुमार ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और यह अभियान केवल जुर्माना लगाने के लिए नहीं, बल्कि स्कूल प्रबंधन, बस संचालकों व चालकों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है, भविष्य में भी पूरे क्षेत्र में इस प्रकार की चेकिंग लगातार जारी रहेगी ताकि स्कूली बच्चों की सुरक्षा हर हाल में सुनिश्चित की जा सके

