घुमारवीं–सरकाघाट रोड पर बारिश बनी मुसीबत, वाया मोरसिंघी डायवर्ट ट्रैफिक
बिलासपुर
घुमारवीं–सरकाघाट स्टेट हाईवे पर लगातार दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। शुक्रवार सुबह स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब बारिश के कारण सड़क का एक हिस्सा दलदल में तब्दील हो गया और दो भारी भरकम ट्रक बीच सड़क में ही फंस गए। ट्रकों के फंसते ही हाईवे पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
बारिश की तीव्रता इतनी अधिक थी कि प्रशासन और स्थानीय लोगों के लिए तुरंत सड़क को बहाल करना मुश्किल हो गया। कीचड़ और फिसलन के कारण ट्रकों को निकालने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने यातायात को वैकल्पिक मार्ग वाया मोरसिंघी की ओर डायवर्ट किया, ताकि जाम में फंसे लोगों को राहत मिल सके।
हाईवे बंद होने का सबसे ज्यादा असर आम लोगों पर पड़ा। स्कूल जाने वाले बच्चों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी और कई बच्चे समय पर स्कूल नहीं पहुंच सके। वहीं, कार्यालय जाने वाले कर्मचारी भी लंबा जाम और मार्ग परिवर्तन के कारण देरी से अपने कार्यस्थलों पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस सड़क की स्थिति को जल्द से जल्द सुधारा जाए, ताकि बारिश के मौसम में इस तरह की समस्याओं से बचा जा सके। वहीं, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अनुज पराशर का कहना है कि सड़क को खोलने के प्रयास तेज किए जा रहे है और फंसे हुए ट्रकों को हटाने का कार्य जारी है।
