Tuesday, March 24, 2026
HomeHImachal NewsHamirpurसुजानपुर बाजार में आवारा कुत्ते का आतंक, तीन दिन में 9 लोगों...

सुजानपुर बाजार में आवारा कुत्ते का आतंक, तीन दिन में 9 लोगों को काटा

हमीरपुर,

नगर परिषद सुजानपुर के मुख्य बाजार में इन दिनों एक आवारा कुत्ते का आतंक लोगों के लिए बड़ी चिंता का कारण बन गया है। बीते तीन दिनों के भीतर इस कुत्ते ने करीब नौ लोगों को काट लिया है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लगातार सामने आ रही घटनाओं के चलते स्थानीय लोग घरों से निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं, खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है।घटना में घायल हुए लोगों में एक व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हुआ, जिसे सुजानपुर अस्पताल में उपचार देने के बाद घर भेज दिया गया है। अन्य घायलों को भी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया और उनकी स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, उक्त कुत्ते ने मुख्य बाजार के चौगान क्षेत्र में तीन लोगों को काटा, जबकि वार्ड नंबर तीन में चार और वार्ड नंबर एक में दो लोगों को अपना शिकार बनाया। अलग-अलग स्थानों पर हुए इन हमलों से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है और लोग प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
इस बीच एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक कुत्ता एक छोटे बच्चे पर हमला करता हुआ नजर आ रहा है।वीडियो के सामने आने के बाद लोगों में डर और भी बढ़ गया है। हालांकि प्रशासन की ओर से इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की गई है, लेकिन लोग इसे सुजानपुर क्षेत्र से जोड़कर देख रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस कुत्ते में रैबीज के लक्षण दिखाई दे रहे हैं, जिससे खतरा और अधिक गंभीर हो गया है। उन्होंने नगर परिषद और संबंधित विभागों से जल्द से जल्द इस कुत्ते को पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। सभी घायलों को सुजानपुर अस्पताल में एंटी रैबीज के टीके लगाए गए हैं और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। बीएमओ सुजानपुर डॉ. राजकुमार ने बताया कि सभी पीड़ितों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया गया है और एंटी रैबीज वैक्सीन दी गई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी आवारा या संदिग्ध जानवर से दूरी बनाए रखें और सतर्क रहें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular