Tuesday, March 24, 2026
HomeBreaking Newsमोदी सरकार पर बरसे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष: महंगाई, बेरोजगारी और एलपीजी संकट...

मोदी सरकार पर बरसे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष: महंगाई, बेरोजगारी और एलपीजी संकट के लिए ठहराया जिम्मेदार

शिमला । विनय कुमार ने केंद्र की केन्द्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, कमजोर होती अर्थव्यवस्था और पेट्रोलियम व एलपीजी की कमी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरी तरह जिम्मेदार हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डोनाल्ड ट्रम्प के प्रभाव में काम कर रहे हैं, जिससे देश की विदेश नीति कमजोर हुई है। उनका कहना है कि इसी कारण आज भारत को पश्चिमी देशों के युद्ध जैसे हालातों के चलते गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
विनय कुमार ने कहा कि देश में एलपीजी की कमी के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि यदि केंद्र सरकार ने सही नीतियां अपनाई होतीं, तो न पेट्रोलियम उत्पादों की कमी होती और न ही एलपीजी संकट उत्पन्न होता। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों ने देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाया है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का भी आरोप लगाया और कहा कि संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया जाता। उनके अनुसार, यह लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने का संकेत है।
प्रदेश के मुद्दों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासित हिमाचल प्रदेश के साथ भेदभाव किया जा रहा है। राजस्व घाटा अनुदान बंद करना प्रदेश के हितों के खिलाफ बड़ा कदम है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश से चुने गए भाजपा सांसदों की आलोचना करते हुए कहा कि वे प्रदेश हित के मुद्दों पर चुप हैं और केवल अपनी राजनीति में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के बीच आपसी वर्चस्व की लड़ाई चल रही है।
अंत में विनय कुमार ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा की नीतियों को समझ चुकी है और आने वाले समय में कांग्रेस के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular