शिमला –टीना ठाकुर

शिमला के राजीव भवन में आज भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा “संविधान लीडरशिप प्रोग्राम” का औपचारिक शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा और राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। कार्यक्रम को राष्ट्रीय प्रवक्ता शुभ्रा ज़िंटा ने प्रेस वार्ता के माध्यम से लॉन्च किया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए शुभ्रा ज़िंटा ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य डिजिटल आधारित राजनीतिक इन्फ्लुएंसर तैयार करना है। उन्होंने इसे “सत्य के प्रतिरोध और संवैधानिक मूल्यों पर आधारित एक राजनीतिक आंदोलन” बताया। उन्होंने कहा कि संगठन को अब दायरे से बाहर निकलकर आम जनसमूह तक पहुंच बनानी होगी, जिसके लिए अल्टरनेट मीडिया नेटवर्क से जुड़ना जरूरी है।
उन्होंने आगे कहा कि ऐसे लोगों को साथ लेकर चलना होगा जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी साहस और दृढ़ता दिखाई है। भ्रष्टाचार, अन्याय और सत्ता की चुप्पी को चुनौती देने के लिए जमीनी स्तर पर एक मजबूत मीडिया तंत्र विकसित करना इस कार्यक्रम का अहम लक्ष्य है। शुभ्रा ज़िंटा ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई मानता है कि मीडिया को सत्ता नहीं बल्कि जनता की सेवा करनी चाहिए, तो यह मंच उनके लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है।
कार्यक्रम के तहत “फिजिटल लीडर्स” को मजबूत कानूनी समर्थन, पहचान, राजनीतिक अवसर, तकनीकी प्रशिक्षण और प्राथमिकता उपलब्ध कराने की योजना है। इस अवसर पर जिला शिमला युवा कांग्रेस अध्यक्ष योगेश सिंह ठाकुर, प्रदेश सचिव तुषार स्तान, शिमला शहरी अध्यक्ष अतुल ठाकुर और शिमला नगर निगम युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश कन्याल भी उपस्थित रहे।




