Sunday, July 12, 2026
HomeHImachal NewsUnaराष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम एवं एंटी-चिट्टा अभियान के तहत सामूहिक शपथ...

राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम एवं एंटी-चिट्टा अभियान के तहत सामूहिक शपथ ग्रहण समारोह आयोजित

दौलतपुर चौक /संजीव डोगरा

राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) एवं एंटी-चिट्टा अभियान के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर चौक परिसर में टीबी मुक्त एवं नशा मुक्त ऊना के संकल्प को साकार करने हेतु एक सामूहिक शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में महाविद्यालय के सभी विभागों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा टीबी मुक्त एवं नशा मुक्त ऊना के निर्माण का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने शपथ ली कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे, क्षय रोग के प्रति लोगों को जागरूक करेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज में टीबी की समय पर जांच एवं उपचार तथा नशे के दुष्प्रभावों के बारे में व्यापक जन-जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ अजय कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा वर्ग समाज परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा, “आज ली गई यह शपथ केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति आपकी जिम्मेदारी का प्रतीक है। यदि प्रत्येक विद्यार्थी जागरूक नागरिक बनकर टीबी उन्मूलन एवं नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाए, तो निश्चित ही ऊना जिला टीबी मुक्त एवं नशा मुक्त बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ेगा। आइए, हम सभी स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें।”
इस कार्यक्रम का सफल आयोजन डॉ. मनीषा, समन्वयक, रेड रिबन क्लब, द्वारा प्रोफेसर निधि के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम एवं एंटी-चिट्टा अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया गया तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।
समारोह में डॉ. मनोज काहोल, डॉ. सतिंदर कुमार, डॉ. रमन चौधरी, डॉ. शिवानी ठाकुर तथा प्रोफेसर राज कुमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे जनहितकारी अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों द्वारा टीबी मुक्त एवं नशा मुक्त ऊना के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के दृढ़ संकल्प के साथ हुआ।

RELATED ARTICLES

Most Popular