Sunday, July 12, 2026
HomeHImachal NewsUnaद हंस फाउंडेशन द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामनगर में वनाग्नि रोकथाम...

द हंस फाउंडेशन द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामनगर में वनाग्नि रोकथाम एवं पर्यावरण संरक्षण विषय पर वॉल पेंटिंग का आयोजन

दौलतपुर चौक/ संजीव डोगरा

द हंस फाउंडेशन द्वारा संचालित “वन अग्नि रोकथाम एवं शमन परियोजना के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रामनगर में वनाग्नि रोकथाम एवं पर्यावरण संरक्षण विषय पर वॉल पेंटिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं स्थानीय समुदाय में वनों के संरक्षण, वनाग्नि की रोकथाम तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विद्यालय परिसर की दीवारों पर आकर्षक चित्रों एवं संदेशों के माध्यम से वन संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा तथा वनाग्नि से बचाव का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता का परिचय देते हुए ऐसे चित्र बनाए, जिनमें जंगलों की महत्ता, वन्यजीव संरक्षण, स्वच्छ पर्यावरण तथा वनाग्नि से होने वाले नुकसान को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज से जंगलों में आग न लगाने तथा प्रकृति की रक्षा करने की अपील भी की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सतीश कुमार ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने द हंस फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे जन-जागरूकता प्रयासों की प्रशंसा करते हुए विद्यार्थियों के उत्साह एवं रचनात्मक कार्य की सराहना की। विद्यालय के शिक्षकों ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि कला के माध्यम से दिया गया संदेश समाज पर अधिक प्रभाव छोड़ता है तथा विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण की भावना को मजबूत करता है।
कार्यक्रम के दौरान द हंस फाउंडेशन की टीम ने विद्यार्थियों को वनाग्नि के प्रमुख कारणों, उससे होने वाले पर्यावरणीय, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान तथा वनाग्नि की रोकथाम के प्रभावी उपायों की जानकारी दी। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक नागरिक बनें तथा अपने परिवार, मित्रों और समुदाय को भी जंगलों में आग न लगाने एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं द हंस फाउंडेशन की टीम ने वन संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा के प्रति सामूहिक संकल्प लिया। द हंस फाउंडेशन ने बताया कि संस्था अपनी वन अग्नि रोकथाम एवं शमन परियोजना के अंतर्गत भविष्य में भी विद्यालयों एवं समुदायों में जागरूकता आधारित गतिविधियों का आयोजन करती रहेगी, ताकि वन संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाया जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular