दैनिक जागो वर्ल्ड हिमाचल

हिमाचल प्रदेश में 10 और 11 अगस्त को भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है, और 15 अगस्त तक पूरे सप्ताह भारी वर्षा जारी रहने का अनुमान है।हिमाचल प्रदेश में मानसून का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में 10 और 11 अगस्त को भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। मौसम केंद्र ने अगले पूरे सप्ताह यानी 15 अगस्त तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भारी वर्षा का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया है। आजादी के पर्व पर भी वर्षा का अनुमान है।

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, 30 जून से 8 अगस्त 2026 तक इस मानसून सीजन में अब तक 152 लोगों की सड़क हादसों के अलावा विभिन कारणों से मौत हो चुकी है और 240 लोग घायल हुए हैं। वहीं, प्राकृतिक आपदाओं और सड़क हादसों के कारण राज्य को 835 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान उठाना पड़ा है।9 अगस्त सुबह 10 बजे तक राज्यभर में 129 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। सबसे ज्यादा नुकसान मंडी जिले में हुआ है, जहां 60 सड़कें बाधित हैं। इसके अलावा कुल्लू में 42 और शिमला में 10 सड़कें भूस्खलन और मलबे के कारण बंद पड़ी हैं। इसके अतिरिक्त 10 पेयजल योजनाएं और 3 ट्रांसफार्मर भी ठप पड़े हुए हैं।

बीते 24 घंटों के दौरान सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में सर्वाधिक 38.2 मिलीमीटर और शिमला के सराहन में 25.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश में मंडी 30.8 डिग्री के साथ सबसे गर्म और केलांग 11 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा।मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन ने पर्यटकों व स्थानीय निवासियों को नदी-नालों, संवेदनशील पहाड़ी रास्तों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की हिदायत दी है।
