दैनिक जागो वर्ल्ड !बिहार

बाढ़ के कारण बिहार में सर्पदंश के मामले बढ़े हैं, पटना के अस्पतालों में 81 मरीज पहुंचे जिनमें से 9 की मौत हो गई। झाड़फूंक के चक्कर में देरी से इलाज मिलने के कारण कई मरीजों की जान गई, डॉक्टरों ने तुरंत अस्पताल जाने की सलाह दी है। बाढ़ का पानी फैलने के साथ ही प्रदेश के प्रभावित जिलों में सर्पदंश के मामले बढ़ने लगे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में जलजमाव और जंगल-झाड़ियों में सांप निकलने के कारण लोग इसकी चपेट में आ रहे हैं। पिछले करीब 50 दिनों में सर्पदंश के 81 मरीज पटना के प्रमुख अस्पतालों में उपचार के लिए पहुंचे। इनमें नौ मरीजों की मौत हो गई।

चिकित्सकों के अनुसार, कई मामलों में अस्पताल पहुंचने में हुई देरी से मरीजों की स्थिति गंभीर हो गई। सर्पदंश के सबसे अधिक 38 मरीज पीएमसीएच, 16 आइजीआइएमएस, 15 एनएमसीएच, सात एम्स पटना और पांच न्यू गार्डिनर रोड अस्पताल पहुंचे। अस्पतालों में भर्ती मरीजों के मामलों की पड़ताल में सामने आया कि मृतकों में पांच ऐसे थे, जिन्हें स्वजन पहले झाड़फूंक के लिए ले गए। हालत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
