दैनिक जागो वर्ल्ड !ऊना गगरेट

पूर्व विधायक एवं भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए सरकार को पूरी तरह विफल करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद प्रदेश में विकास की गति थम गई है और आम जनता , बेरोजगारी, खराब सड़कों, लचर स्वास्थ्य व्यवस्था तथा मूलभूत सुविधाओं की कमी से परेशान है।
उन्होंने कहा कि गगरेट क्षेत्र में सड़कों की हालत बेहद खराब है। दौलतपुर चौक – मुबारिकपुर सड़क, दौलतपुर चौक -गगरेट सड़क कई स्थानों पर गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अन्य सड़को का भी यही हाल है।उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में स्वीकृत और प्रस्तावित कई विकास कार्य या तो अधर में लटके हैं या उनकी गति बेहद धीमी है। सरकार की प्राथमिकता विकास के बजाय राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित होकर रह गई है।
पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगार युवाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में सरकार ठोस कदम उठाने में नाकाम रही है। सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया सुस्त है और युवा प्रतियोगी परीक्षाओं तथा भर्ती प्रक्रिया को लेकर असमंजस में हैं। उन्होंने कहा कि जिस सरकार ने सत्ता में आने से पहले युवाओं को रोजगार देने के बड़े-बड़े वादे किए थे, आज वही युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं।जबकि महिलाओं को 1500 रूपये प्रति माह दिए जाने का वायदा भी हवा में झूल रहा है।उन्होंने आरोप लगाया किकांग्रेस सरकार की नाकामी की वजह से प्रदेश की आर्थिक स्थिति भी चिंता का विषय बनी हुई है। कई विभागों में योजनाओं और परियोजनाओं के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध नहीं हो पा रहा, जिसके कारण सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष चैतन्य शर्मा ने कहा कि गगरेट की जनता विकास के नाम पर किसी तरह का समझौता स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने प्रदेश सरकार से गगरेट क्षेत्र की खराब सड़कों की तत्काल मरम्मत करवाने, लंबित विकास कार्यों को गति देने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को सत्ता में आए चार साल का समय हो चुका है, लेकिन जमीनी स्तर पर जनता को सरकार की उपलब्धियां नजर नहीं आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में भाजपा कार्यकर्ता सरकार की नाकामियों को जनता के बीच लेकर जाएंगे और जनहित के मुद्दों पर आवाज बुलंद करेंगे।
