दैनिक जागो वर्ल्ड !कानपुर

गंगा का जलस्तर बढ़ने से कानपुर की कटरी में बाढ़ जैसे हालात हैं, जिससे लगभग तीन हजार बीघा फसल जलमग्न हो गई है और ग्रामीणों में दहशत है। गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण मंगलवार को बैराज पर चेतावनी बिंदु 114 मीटर को पार कर 114.20 मीटर तक पहुंच गया।वहीं शुक्लागंज की तरफ जलस्तर चेतावनी बिंदु से मात्र नौ सेंटीमीटर पीछे 112.91 मीटर दर्ज किया गया। उफनती गंगा के चलते कटरी में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं और करीब तीन हजार बीघा फसल जलमग्न हो गई है।

बिठूर के ब्रह्मावर्त घाट, लक्ष्मण घाट, पत्थर घाट और सीता घाट समेत सभी प्रमुख घाटों की सीढ़ियां डूब चुकी हैं। ख्योरा कटरी के भगवानदीन पुरवा, भोपाल पुरवा, बनिया पुरवा, दुर्गापुरवा, गिल्ली पुरवा, मक्का पुरवा तथा बिठूर के शिवदीन पुरवा, डल्ला पुरवा व ईश्वरीगंज के खेतों में दो से तीन फीट तक पानी भर गया है।भोपालपुरवा से भगवानदीन पुरवा जाने वाले संपर्क मार्ग पर तीन फीट पानी बहने से आवागमन बाधित हो गया है। पानी गांवों के मुहाने तक पहुंच गया है, जिससे ग्रामीणों में दहशत है। प्रशासन ने तटीय इलाकों में अलर्ट जारी करते हुए राहत शिविर सक्रिय कर दिए हैं और ग्रामीणों को सुरक्षित निकालने के लिए नावें लगा दी हैं।
