कुरुक्षेत्र-अश्विनी वालिया

धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पिनेकल मेडिकल सेंटर एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट के तत्वावधान में पिनेकल चैरिटेबल हॉस्पिटल का शुभारंभ ‘सेवा संजीवनी समारोह’ के रूप में टेरी कॉम्प्लेक्स,
कुरुक्षेत्र–दांड रोड, कुरुक्षेत्र में किया गया। इस अवसर पर समाज सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता को समर्पित कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति, स्वास्थ्य कर्मी और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
अस्पताल में जरूरतमंद मरीजों के लिए निशुल्क ओपीडी की सुविधा शुरू की गई है, जबकि दवाइयां और विभिन्न जांचें भी बेहद रियायती दरों पर उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे गरीब और आम वर्ग के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीएमओ कुरुक्षेत्र डॉ. सुखबीर सिंह ने शिरकत की। इस दौरान पिनेकल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. पुनीत गोयल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत हुई। समारोह के दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया। साथ ही समाज सेवा में योगदान देने वाली डॉक्टरों की टीम, आशा वर्कर्स, सरपंचों और पंचों को पिनेकल चैरिटेबल हॉस्पिटल की ओर से विशेष सम्मान देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
‘सेवा संजीवनी समारोह’ का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा। इस चैरिटेबल हॉस्पिटल में मरीजों को एक ही छत के नीचे कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यहां अनुभवी जनरल फिजीशियन, हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, जनरल सर्जन, नेत्र रोग विशेषज्ञ, कान-नाक-गला रोग विशेषज्ञ, त्वचा रोग विशेषज्ञ तथा मस्तिष्क रोग विशेषज्ञ की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
अस्पताल में आधुनिक जांच सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। यहां ईसीजी मात्र 100 रुपये, एक्स-रे 150 रुपये और अल्ट्रासाउंड 400 रुपये में किया जाएगा, जबकि अन्य लैब जांचें भी किफायती दरों पर उपलब्ध होंगी।
डॉक्टरों की टीम में डॉ. अमित सोनी (दर्द रोग विशेषज्ञ), डॉ. साक्षी गर्ग (स्त्री रोग विशेषज्ञ), डॉ. हरजोत सिंह (हड्डी रोग विशेषज्ञ), डॉ. आशीष चौधरी (जनरल सर्जन), डॉ. अजय मित्तल (जनरल फिजीशियन), डॉ. संध्या मित्तल (स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ) और डॉ. गौरव गर्ग (बाल रोग विशेषज्ञ) अपनी सेवाएं देंगे। यह पूरी टीम सेवा भाव से मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए कार्य करेगी।

मुख्य अतिथि सीएमओ कुरुक्षेत्र डॉ. सुखबीर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है कि एक निजी अस्पताल सेवा भाव से निशुल्क ओपीडी चला रहा है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संजीवनी समारोह’ केवल एक उद्घाटन कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का एक प्रेरणादायक अभियान है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराते रहें और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें ताकि गंभीर बीमारियों से बचा जा सके। उन्होंने पिनेकल ग्रुप और चेयरमैन डॉ. पुनीत गोयल की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल समाज के लिए प्रेरणादायक है और इससे गरीब व जरूरतमंद लोगों को काफी लाभ मिलेगा।
वहीं पिनेकल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. पुनीत गोयल ने कहा कि ‘सेवा संजीवनी समारोह’ का उद्देश्य केवल अस्पताल का शुभारंभ करना नहीं बल्कि मानव सेवा की भावना को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि उनका सपना है कि समाज के हर वर्ग को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें। इसी उद्देश्य से पिनेकल चैरिटेबल हॉस्पिटल में अनुभवी डॉक्टरों की टीम, आधुनिक जांच उपकरण, स्वच्छ वातावरण और व्यवस्थित चिकित्सा प्रबंधन की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि कई गरीब लोग आर्थिक तंगी के कारण इलाज नहीं करवा पाते, इसलिए इस अस्पताल के माध्यम से निशुल्क ओपीडी और बेहद कम दरों पर जांच सुविधाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल में बच्चों के इलाज और देखभाल के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। उनका उद्देश्य है कि गरीब से गरीब व्यक्ति भी वही स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त कर सके जो एक सामान्य व्यक्ति को मिलती हैं।
डॉ. पुनीत गोयल ने कहा कि पिनेकल ग्रुप समाज सेवा के इसी संकल्प के साथ आगे भी स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में कार्य करता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।


