भीमताल-गोविन्द रावत

उत्तराखंड के शहरी विकास एवं जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा के मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र भीमताल के रामगढ़ ब्लॉक पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकालकर मंत्री का जोरदार अभिनंदन किया। ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। रामगढ़ ब्लॉक के श्यामखेत, गागर, मल्ला रामगढ़, तल्ला रामगढ़, लोस्ज्ञानी, नथुवाखान, ओड़ाखान और दाड़ीमा सहित विभिन्न क्षेत्रों में मंत्री का जगह-जगह फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। इस दौरान ग्रामीणों और पार्टी पदाधिकारियों ने क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी अपेक्षाएं भी मंत्री के सामने रखीं।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अपनी नियुक्ति के लिए पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे तथा विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे, ताकि सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ आम जनता को मिल सके।
उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग भवाली खंड को वर्तमान में सुगम श्रेणी में रखा गया है, जिसके चलते कर्मचारियों की तैनाती में दिक्कतें आ रही हैं। इसे दुर्गम श्रेणी में शामिल करने के लिए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कर जीओ जारी कराया जाएगा। मंत्री कैड़ा ने भीमताल विधानसभा के सभी मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि उनके समर्थन से ही उन्हें पुनः विधानसभा पहुंचने और प्रदेश मंत्रिमंडल में कार्य करने का अवसर मिला है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पार्टी द्वारा जताए गए भरोसे पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अंकित, जिला मंत्री कुंदन चिलवाल, जिला पंचायत सदस्य ज्योति आर्या, विनोद पांडेय, नंदन कोरंगा, हरीश शर्मा, देवेंद्र सिंह बिष्ट, दीवान महरा, कमलेश बिष्ट सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

