रामनगर-गोविंद रावत

रामनगर- रामनगर विधानसभा क्षेत्र के ढिकुली गांव में प्रस्तावित शराब की दुकान का ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया है। ग्रामवासियों ने क्षेत्र पंचायत सदस्य सुमन रावत के नेतृत्व में एसडीएम के माध्यम से जिलाधिकारी नैनीताल को ज्ञापन भेजकर शराब की दुकान निरस्त करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें सूचना मिली है कि ढिकुली-मोहान रोड पर शराब की दुकान खोली जानी प्रस्तावित है। जबकि ढिकुली गांव पर्यटन क्षेत्र होने के कारण यहां बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। ऐसे में गांव के पास शराब की दुकान खुलने से क्षेत्र का माहौल खराब हो सकता है।
ग्रामीणों ने बताया कि शराब की दुकान खुलने से आये दिन झगड़े, शांति भंग और सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं बढ़ सकती हैं।जिससे गांव का वातावरण प्रभावित होगा। उन्होंने प्रशासन से जनहित को देखते हुए शराब की दुकान का प्रस्ताव निरस्त करने की मांग की।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शराब की दुकान निरस्त नहीं की गई तो ग्रामीण आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस दौरान तारा सिंह रावत, जगदीश छिम्वाल, कमलेश छिम्वाल, प्रदीप कुमार, सौरभ कुमार, कन्नू जोशी, युसूफ, महिपाल सिंह, गीता, नीमा, मंजू, दुर्गा, नीलम सहित कई ग्रामीण और महिलाएं मौजूद रहीं।

