Wednesday, April 15, 2026
HomeHImachal NewsKangraनूरपुर में खैर के पेड़ों के कथित अवैध कटान का मामला, शिकायत...

नूरपुर में खैर के पेड़ों के कथित अवैध कटान का मामला, शिकायत के बाद जांच शुरू

नूरपुर –(भूषण शर्मा )

नूरपुर विधानसभा क्षेत्र की पंचायत थोड़ा भलूण से खैर के पेड़ों के कथित अवैध कटान का एक बड़ा मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी द्वारा जोर-जबरदस्ती से पेड़ काटने और धमकाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिसके बाद मामला अब जांच के दायरे में आ गया है।

मामला नूरपुर विधानसभा की पंचायत थोड़ा भलूण का है, जहां 20 से अधिक खैर के पेड़ों के कटान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। पंचायत निवासी नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया है कि जिस भूमि पर न्यायालय द्वारा स्टे ऑर्डर जारी किया गया है, उसी जमीन पर पेड़ों की कटाई की गई।
उन्होंने यह भी दावा किया कि साथ लगती खुदरो भूमि और सरकारी जमीन पर भी खैर के पेड़ों का अवैध कटान हुआ है।
शिकायतकर्ता नरेंद्र सिंह के अनुसार, जब उन्होंने पेड़ों को बचाने की कोशिश की, तो मौके पर मौजूद लोगों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और उन्हें धमकाया भी गया।
इस मामले को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री शिकायत हेल्पलाइन 1100 पर शिकायत दर्ज करवाई है। साथ ही नूरपुर वन विभाग के डीएफओ को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि वह इस मामले को माननीय न्यायालय में भी उठाएंगे ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके।

प्रशासन का पक्ष:
वहीं, इस मामले को लेकर नूरपुर के वन उपमंडल अधिकारी संदीप कोहली ने बताया कि विभाग को शिकायत प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि तुरंत मौके पर स्टाफ भेजा गया था और विभाग की टीम लगातार जांच में जुटी हुई है।
डीएफओ ने स्पष्ट किया कि शिकायत में जिस ठेकेदार का नाम लिया गया है, उस नाम से विभाग में कोई भी कॉन्ट्रेक्टर रजिस्टर्ड नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि मामला मुस्तरीकी भूमि से जुड़ा हुआ है और विभागीय पटवारी व कानूनगो भी मौके पर जांच करेंगे।
उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि सामने आती है, तो कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular