दैनिक जागो वर्ल्ड!पटना

बाढ़ में 4 युवकों की संदिग्ध मौत पर पुलिस की ‘प्रेम प्रसंग’ थ्योरी पर विवाद गहरा गया है। कथित प्रेम प्रसंग से जुड़ी महिला ने पुलिस के दावे को चुनौती देते हुए मानहानि का मुकदमा करने की चेतावनी दी है।बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव (सैदपुर टोला) में 30 अगस्त को शराब पार्टी के दौरान 4 युवकों की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस के खुलासे ने नया बखेड़ा खड़ा कर दिया है।

पुलिस द्वारा इस खौफनाक हत्याकांड को ‘प्रेम प्रसंग’ का रूप दिए जाने पर मृतक के स्वजनऔर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।इस मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आ गया, जब वह महिला खुद कैमरे के सामने आ गई, जिसे पुलिस की थ्योरी में कथित प्रेम संबंध से जोड़ा जा रहा है।बुधवार को यह महिला बेखौफ होकर बाढ़ थाना पहुंच गई और पुलिस के दावों की धज्जियां उड़ाते हुए सीधे साक्ष्य की मांग कर दी।महिला ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस के पास इस कथित प्रेम प्रसंग का कोई ठोस प्रमाण या आधार नहीं है, तो वह बिना सबूत एक सभ्य महिला को बदनाम करने के आरोप में संबंधित पुलिस अफसरों पर मानहानि का मुकदमा करेगी।इस खुलासे से ग्रामवासी बेहद नाराज हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर सीधा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि पुलिस जहरीली शराब से हुई इन मौतों की असलियत को छिपाने की कोशिश कर रही है।हड़बड़ी में केस को रफा-दफा करने के लिए जानबूझकर इसे ‘प्रेम प्रसंग’ का रंग दिया जा रहा है, ताकि शराबबंदी की विफलता पर सवाल न उठें।ज्ञात हो कि 30 अगस्त को चारों युवकों की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई थी, जिसे शुरुआत में जहरीली शराब से हुई मौत माना गया था।घटना के बाद पटना ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में SIT का गठन हुआ और FSL टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने छापेमारी कर मुख्य आरोपी सत्यम कुमार उर्फ लाली समेत दो को गिरफ्तार किया और एक नाबालिग को निरुद्ध किया।पुलिस का दावा है कि लाली ने पूछताछ में कबूला है कि प्रेम प्रसंग में चिढ़ाए जाने से नाराज होकर उसने चारों को शराब पिलाई और उसमें जहर मिला दिया था।हालांकि, पुलिस का यह भी कहना है कि जहर मिलाए जाने और उससे मौत होने की आधिकारिक पुष्टि FSL की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।फिलहाल, महिला के थाने पहुंचने और स्वजन के गंभीर आरोपों के बाद पुलिस खुद कटघरे में खड़ी नजर आ रही है। कई ग्रामीणों ने भी पुलिस की थ्योरी को नकार दिया है।
