1 अप्रैल 2026 तक 18 वर्ष पूर्ण करने वाले होंगे पात्र, 20 अप्रैल तक जारी होगी अंतिम सूची
नूरपुर –भूषण शर्मा

प्रदेश में आगामी पंचायत और शहरी निकाय चुनावों को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने बड़ी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
आयोग ने उन सभी ग्राम पंचायतों और शहरी निकायों की मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी कर दिया है, जिनकी हदों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।इस प्रक्रिया के तहत नए मतदाताओं को जोड़ने और त्रुटियों को सुधारने का काम किया जाएगा।
जानकारी देते हुए सहायक आयुक्त एवं खंड विकास अधिकारी नूरपुर दिव्या यादव ने बताया की राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया उन सभी पंचायतों और शहरी निकायों में लागू होगी, जहां पुनर्गठन, विभाजन या नवसृजन नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा की आयोग ने स्पष्ट किया है कि जो भी नागरिक 1 अप्रैल 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं या कर लेंगे, वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के पात्र होंगे।
पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत दावे और आपत्तियां प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 28 मार्च 2026 निर्धारित की गई थी, जबकि इनका निपटारा 2 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद अपील की प्रक्रिया 10 अप्रैल तक चलेगी और अपीलों का निपटारा 17 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा।
आयोग के अनुसार अंतिम अनुपूरक मतदाता सूची का प्रकाशन 20 अप्रैल 2026 तक या उससे पहले कर दिया जाएगा।
मतदाता सूचियां जिला, उपमंडल, विकास खंड और पंचायत कार्यालयों में उपलब्ध हैं।
इसके अलावा इन्हें वेबसाइट और “वोटर सारथी” ऐप पर भी देखा जा सकता है।
पूर्व में 1 अक्तूबर 2025 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके लगभग 57 लाख मतदाताओं के नाम पहले ही मतदाता सूचियों में दर्ज किए जा चुके हैं।यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं है या किसी प्रविष्टि पर आपत्ति है, तो वह निर्धारित तिथि तक आवेदन कर सकता है।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
आगामी स्थानीय चुनावों को देखते हुए यह पुनरीक्षण प्रक्रिया बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

