Sunday, September 6, 2026
Homesportsफुटबॉल विश्व कप के बाद लौटा मेसी मैजिक, दो गोल दागकर इंटर...

फुटबॉल विश्व कप के बाद लौटा मेसी मैजिक, दो गोल दागकर इंटर मियामी को दिलाई जीत

दैनिक जागो वर्ल्ड फुटबॉल

विश्व कप के बाद मेसी ने लीग्स कप में दो गोल दागकर इंटर मियामी को एटलेटिको सैन लुइस पर 4-2 की शानदार जीत दिलाई। इन दो गोल के साथ मेसी लीग्स कप के इतिहास में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए और मियामी का अजेय क्रम जारी रहा।

विश्व कप के बाद आखिरकार लियोनल मेसी का गोल का इंतजार खत्म हो गया। अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर ने लीग्स कप में दो गोल दागते हुए इंटर मियामी को शुरुआती झटके से उबारकर एटलेटिको सैन लुइस पर 4-2 की शानदार जीत दिलाई।बारिश और खराब मौसम से प्रभावित मुकाबले में मेसी ने न सिर्फ अपनी पुरानी चमक दिखाई, बल्कि लीग्स कप के इतिहास में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी भी बन गए।सैन लुइस ने चौथे मिनट में डेविड रोड्रिगेज के हेडर से बढ़त हासिल कर मियामी को चौंका दिया था। हालांकि, मेसी ने जल्द ही मुकाबले की तस्वीर बदल दी। उन्होंने 11वें मिनट में नोआ एलन के लंबे क्रॉस को गोल में बदलकर स्कोर बराबर किया और फिर 44वें मिनट में नजदीक से गोल दागकर अपना दूसरा गोल पूरा किया। इन दो गोल के साथ मेसी के लीग्स कप के 12 मैचों में 14 गोल हो गए हैं।

उन्होंने लॉस एंजिलिस एफसी के डेनिस बुआंगा (13) को पीछे छोड़ते हुए टूर्नामेंट के चार साल के इतिहास में सर्वाधिक गोल का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। मेसी यहीं नहीं रुके। उन्होंने पहले हाफ के इंजरी टाइम में मिकाएल के हेडर से हुए गोल में भी सहायता की। मियामी के लिए तेलास्को सेगोविया ने भी गोल किया, जबकि एलन ने तीन गोल में सहायता की। सैन लुइस के लिए दूसरा गोल राफा लोरेंटे ने किया।मियामी ने इसके साथ अपना अजेय क्रम आठ मैचों तक पहुंचा दिया। 39 वर्षीय मेसी का विश्व कप के बाद यह दूसरा मुकाबला था। अर्जेंटीना को लगातार दूसरी बार विश्व कप फाइनल तक पहुंचाने वाले मेसी की टीम को खिताबी मुकाबले में स्पेन से 0-1 से हार मिली थी। इससे पहले कोलंबस क्रू के विरुद्ध 2-2 से ड्रॉ में मेसी स्थानापन्न के तौर पर 37 मिनट खेले थे। मुकाबले के दूसरे हाफ में बिजली चमकने के कारण खेल करीब 30 मिनट रोकना पड़ा। मियामी के अनुभवी स्ट्राइकर लुइस सुआरेज छह मैचों के लीग्स कप निलंबन के कारण इस मुकाबले में उपलब्ध नहीं थे और वह इस साल के पूरे टूर्नामेंट में नहीं खेल पाएंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular