Wednesday, April 15, 2026
HomeHImachal NewsMandiसांस्कृतिक संध्याओं में दिखेगी परंपरा, प्रतिभा और सामाजिक संदेश की झलक

सांस्कृतिक संध्याओं में दिखेगी परंपरा, प्रतिभा और सामाजिक संदेश की झलक

जोगिंदर नगर-जतिन लटावा

जोगिंदरनगर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय देवता मेले की सांस्कृतिक संध्याएं इस बार खास आकर्षण का केंद्र बनने जा रही हैं। मेले की हर सांस्कृतिक संध्या को विशेष रूप से थीम आधारित बनाया गया है, जिसमें समाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक विरासत दोनों का संगम देखने को मिलेगा।

एसडीएम मनीष चौधरी के अनुसार, इस बार महिलाओं के नृत्य कार्यक्रमों को विशेष महत्व दिया गया है। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से महिलाओं की गरिमा को बढ़ावा देने के साथ-साथ समाज में फैली कुरीतियों के खिलाफ सशक्त संदेश भी दिया जाएगा।

युवाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से एक विशेष सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया है, जिसमें 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवा अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर मिलेगा।

मेले की चार सांस्कृतिक संध्याओं में हिमाचली लोक कलाकारों के साथ-साथ बॉलीवुड कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे, जिससे दर्शकों को विविधता से भरपूर मनोरंजन मिलेगा। वहीं, एक संध्या पूरी तरह से स्थानीय कलाकारों को समर्पित रहेगी।

मेले की तैयारियों के तहत 50 से अधिक गायकों के ऑडिशन भी आयोजित किए गए हैं, जिनमें से चयनित प्रतिभाएं मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी।

इसके अलावा, महिला मंडलों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियां और विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी मेले का मुख्य आकर्षण होंगी, जो हर आयु वर्ग के लोगों के लिए मनोरंजन और उत्साह का माहौल तैयार करेंगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular