Tuesday, April 14, 2026
HomeRajnitiहिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी, कई जिलों में येलो-ऑरेंज अलर्ट...

हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी, कई जिलों में येलो-ऑरेंज अलर्ट जारी

शिमला-टीना ठाकुर

हिमाचल प्रदेश में अप्रैल के महीने में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। मध्य और अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड की वापसी हो गई है। बीते कुछ घंटों से प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हो रही है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज की गई है। इससे तापमान में गिरावट आई है और लोगों को फिर से ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, राज्य के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाएं और ओलावृष्टि को लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आज चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में येलो अलर्ट लागू है। इन क्षेत्रों में हल्की गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
हालांकि मैदानी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने की संभावना जताई गई है, लेकिन कल के लिए कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन जिलों में फिर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन स्थानों पर भी गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है, जबकि अन्य जिलों में मौसम सामान्य रह सकता है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 7 अप्रैल को एक बार फिर मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से पूरे प्रदेश में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। इस दिन ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कई स्थानों पर गरज-चमक, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है, जिसका असर 8 अप्रैल तक देखने को मिलेगा।
इस दौरान प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश के आसार हैं। लगातार बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी शिमला समेत कई ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है और जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। अनावश्यक यात्रा से बचने, खासकर पहाड़ी इलाकों में सावधानी बरतने और बिजली गिरने की स्थिति में खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular