दैनिक जागो वर्ल्ड !हिमाचल

हिमाचल कांग्रेस ने मिशन-2027 के तहत संगठन को चुनावी मोड में लाने के लिए बड़ा बदलाव किया है। पार्टी अब जिला मुख्यालयों से निकलकर ब्लॉक और पंचायत स्तर तकपहुंच मजबूत कर रही है।। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने मिशन-2027 के तहत संगठन को चुनावी मोड में लाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। विधानसभा चुनाव से लगभग 14 महीने पहले पार्टी ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के पुराने ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए संगठन को जिला मुख्यालयों से निकालकर सीधे ब्लॉक और पंचायत-गांव स्तर तक पहुंचाने की रणनीति बनाई है। अब प्रत्येक जिला और ब्लॉक में 18 अलग-अलग विभागों और सेल की कार्यकारिणी गठित की जा रही हैं। इससे कांग्रेस न केवल विभिन्न सामाजिक और पेशेवर वर्गों तक पहुंच बढ़ाएगी, बल्कि हर ब्लाक में 500 से 600 सक्रिय कार्यकर्ताओं का नेटवर्क स्थापित करने की योजना बना रही है।

पार्टी की गतिविधियां अब तक मुख्य रूप से जिला और ब्लाक कांग्रेस कमेटियों के माध्यम से संचालित होती थीं। नए प्रारूप में संगठन को वर्ग और मुद्दे आधारित इकाइयों में बांटने का निर्णय लिया गया है। कांग्रेस सेवादल, किसान सैल, पंचायतीराज विभाग, अनुसूचित जाति विभाग, पूर्व सैनिक विभाग, इंटरनेट मीडिया विभाग, मानवाधिकार विभाग, शिकायत निवारण सैल, बौद्धिक विभाग, व्यापार सैल, अनुशासन समिति और असंगठित कांग्रेस सहित 18 विभागों और सेलों की जिला और ब्लाक स्तर पर अलग-अलग कमेटियां बनाई जा रही हैं।
