बंगाणा-जोगिंद्र देव आर्य

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर महावीर सिंह ने क्षेत्रीय केंद्र धर्मशाला में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान सहायक आचार्य डॉ. राजकुमार द्वारा संपादित पुस्तक “इंस्पायरिंग वीमेन ऑफ़ इंडियन फ्रीडम स्ट्रगल 1857–1947” का विमोचन किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश की प्रथम महिला आईपीएस एवं वर्तमान में राज्य आपदा प्रबंधन बल की महानिदेशक श्रीमती सतवंत अटवाल त्रिवेदी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
इस पुस्तक में भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में महिलाओं की भूमिका को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है, जिसमें कुल 14 शोध आलेख शामिल हैं। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. महावीर सिंह, निदेशक प्रोफेसर कुलदीप अत्रि एवं अन्य विद्वानों ने इस महत्वपूर्ण विषय पर पुस्तक प्रकाशित करने के लिए डॉ. राजकुमार को बधाई दी।
गौरतलब है कि डॉ. राजकुमार जिला ऊना के बंगाणा उपमंडल के गांव कैहलवी से संबंध रखते हैं और वर्तमान में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय क्षेत्रीय केंद्र धर्मशाला में इतिहास विभाग के समन्वयक एवं सहायक आचार्य के रूप में कार्यरत हैं। वे हिमाचल कला, संस्कृति, भाषा अकादमी के सामान्य परिषद के सदस्य भी हैं।
डॉ. राजकुमार 80 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सेमिनारों में भाग ले चुके हैं तथा उनकी 4 संपादित पुस्तकें और 15 शोध पत्र प्रकाशित हो चुके हैं।

