शिमला-टीना ठाकुर

हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के चालक और परिचालकों के साथ बढ़ती मारपीट और अभद्र व्यवहार के मामलों को लेकर HRTC ड्राइवर यूनियन ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नाराज़गी जताई है। यूनियन ने चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ खाली पड़े इंस्ट्रक्टर पदों को जल्द भरने की मांग उठाई है।
यूनियन के अध्यक्ष मान सिंह ने शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि निगम के चालक दूर-दराज और दुर्गम क्षेत्रों में अपनी सेवाएं देते हैं, जहां उन्हें कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद कई बार यात्रियों द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की घटनाएं सामने आती हैं, लेकिन ऐसे मामलों में प्रशासन की ओर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिल पाता।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो यूनियन कड़ा रुख अपनाने को मजबूर होगी। यूनियन ने चेतावनी दी है कि हालात में सुधार नहीं होने पर कुछ रूटों पर बस सेवाओं का बहिष्कार भी किया जा सकता है।
यूनियन ने सरकार से मांग की है कि चालकों और परिचालकों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि वे सुरक्षित माहौल में अपनी सेवाएं दे सकें।

