शिमला –टीना ठाकुर

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज शिमला से वर्चुअल माध्यम के जरिए चंबा जिला के 35 ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ से संवाद कर उनके दमन एवं दीव शैक्षणिक भ्रमण के अनुभव साझा किए। वर्तमान में ये बच्चे दमन और दीव में अध्ययन यात्रा पर हैं। मुख्यमंत्री ने बच्चों से यात्रा के दौरान मिले नए अनुभवों और उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। बच्चों ने उत्साहपूर्वक अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि पहली बार हवाई यात्रा करना उनके लिए बेहद खास रहा और नई जगहों को देखने का अवसर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “धन्यवाद सीएम सर, हमें यह सुनहरा अवसर देने के लिए।”
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना विशेष रूप से निराश्रित बच्चों के कल्याण के लिए शुरू की गई है, क्योंकि राज्य के संसाधनों पर उनका भी समान अधिकार है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत सरकार बच्चों की शिक्षा, कोचिंग, विवाह सहायता और आत्मनिर्भर बनने के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान कर रही है। यह बच्चे चंबा जिले के साहो, पांगी, चंबा और चिल्ली (तीसा) स्थित बाल देखभाल संस्थानों से हैं, जिनमें 24 लड़कियां और 11 लड़के शामिल हैं। 31 मार्च से शुरू हुआ यह शैक्षणिक भ्रमण 7 अप्रैल 2026 तक चलेगा, जिसमें बच्चों ने पहले दिल्ली में प्रवास किया, इसके बाद हवाई यात्रा से सूरत होते हुए दमन पहुंचे, जहां वे शिक्षा के साथ-साथ नए अनुभव भी अर्जित कर रहे हैं।



