विंदर कुमार बोले, कुटलैहड़ में हम सभी मिलकर लिखेंगे विकास की नई गाथा,

बंगाणा,कुटलैहड़
विधानसभा क्षेत्र में दो चरणों में संपन्न हुए पंचायती राज चुनावों के बाद भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत पर खुशी का माहौल बना हुआ है। कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने पंचायत प्रतिनिधियों को जीत की बधाई देते हुए इसे जनता के विश्वास और भाजपा की नीतियों की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों में जनता ने विकास, पारदर्शिता और जनसेवा की राजनीति को समर्थन दिया है।
पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की जनता ने भाजपा समर्थित उम्मीदवारों पर भरोसा जताकर यह साबित कर दिया है कि लोग गांवों के विकास और मजबूत पंचायत व्यवस्था के पक्षधर हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों की यह जीत केवल व्यक्तिगत जीत नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास की उम्मीदों की जीत है। उन्होंने सभी नव निर्वाचित प्रधानों, उपप्रधानों, जिला परिषद सदस्यों, पंचायत समिति सदस्यों तथा वार्ड सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब समय राजनीति से ऊपर उठकर क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करने का है। उन्होंने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की रीढ़ होती हैं और यदि पंचायत प्रतिनिधि ईमानदारी एवं समर्पण से कार्य करें तो गांवों की तस्वीर बदली जा सकती है। भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि भाजपा हमेशा गांव, गरीब और किसान की हितैषी रही है तथा केंद्र सरकार की अनेक योजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों के उत्थान के लिए कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों को चाहिए कि वे केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाएं ताकि आम लोगों को उनका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थित प्रतिनिधि मिलकर विकास की नई गाथा लिखेंगे। सड़कों, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और ग्रामीण सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र की जनता ने जिस उम्मीद और विश्वास के साथ प्रतिनिधियों को चुना है, उस विश्वास पर खरा उतरना सभी की जिम्मेदारी है। पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र की मजबूत नींव होते हैं और इन चुनावों में जनता सीधे अपने स्थानीय नेतृत्व का चयन करती है। ऐसे में निर्वाचित प्रतिनिधियों को जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए प्रतिनिधि निष्पक्षता और ईमानदारी से कार्य करते हुए क्षेत्र को विकास की नई दिशा देंगे। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी जीत की खुशी मनाई तथा एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। क्षेत्र में भाजपा समर्थकों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला।

