दैनिक जागो वर्ल्ड !बेगूसराय

बेगूसराय के सिसवा गांव में बाढ़ प्रभावित घर से सामान लेने गए पिता-पुत्र की करंट लगने से मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी।रिफाइनरी थाना क्षेत्र की केशावे पंचायत के वार्ड संख्या 11 स्थित सिसवा गांव में सोमवार की सुबह करंट लगने से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई।हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया। एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा है।मृतकों की पहचान सिसवा गांव निवासी कैलाश मोची और उनके पुत्र संतोष कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने रिफाइनरी रोड को जाम कर दिया और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग करने लगे। सड़क जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस के समक्ष भी ग्रामीणों ने आक्रोश जताया। बाढ़ के कारण बांध पर ले गए थे पशुग्रामीणों के अनुसार, सिसवा गांव में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। पानी बढ़ने के कारण कैलाश मोची अपने पशुओं को लेकर गुप्ता लखमिनियां बांध पर चले गए थे।घर में जरूरी सामान रखा हुआ था। सोमवार सुबह करीब सात बजे कैलाश मोची अपने पुत्र संतोष कुमार के साथ घर से सामान लाने के लिए सिसवा गांव पहुंचे थे।बताया जाता है कि घर के आसपास बाढ़ का पानी जमा होने के कारण विद्युत तार भी प्रभावित क्षेत्र में था। इसी दौरान संतोष कुमार विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आ गए।पुत्र को करंट से तड़पता देख कैलाश मोची उसे बचाने के लिए दौड़े। उन्होंने जैसे ही पुत्र को बचाने का प्रयास किया, वे भी विद्युत प्रवाह की चपेट में आ गए।मौके पर ही चली गई दोनों की जानकरंट का झटका इतना तेज था कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।घटना की जानकारी मिलते ही रिफाइनरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। बरौनी के बीडीओ अनुरंजन कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।मुआवजे की मांग पर सड़क जामपिता-पुत्र की एक साथ मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने रिफाइनरी रोड को जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि बाढ़ के बीच विद्युत सुरक्षा को लेकर पर्याप्त सावधानी और व्यवस्था होनी चाहिए थी। उन्होंने मृतक के स्वजन को उचित मुआवजा देने की मांग की।
