दैनिक जागो वर्ल्ड दिल्ली

दिल्ली-एनसीआर में सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है, जिससे विकास मार्ग पर जाम लग गया है। न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री दर्ज किया गया और हवा की गुणवत्ता ‘संतोषजनक’ है।

राजधानी दिल्ली सहित एनसीआर क्षेत्र के कई इलाकों में बुधवार सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। बारिश और जलभराव के चलते विकास मार्ग पर जाम लग गया है। इससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बावजूद लोगों को उमस से राहत नहीं मिली है।मौसम विभाग की मानें तो तापमान अभी सामान्य से नीचे या उसके आसपास ही रहेगा। बुधवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री दर्ज किया गया। दिन का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है।

अल सुबह विभिन्न इलाकों में बारिश भी हुई। दिन में भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना भी बरकरार है।
उधर बुधवार सुबह साढ़े नौ बजे दिल्ली का एक्यूआई 64 दर्ज किया गया। इसे ‘संतोषजनक’ श्रेणी में रखा जाता है। एनसीआर के शहरों में भी हवा संतोषजनक से मध्यम श्रेणी में ही चल रही है। हाल फिलहाल इसमें खास बदलाव नहीं होगा।
