दैनिक जागो वर्ल्ड झारखंड

रांची में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में गड़बड़ी को लेकर छात्रों के साथ-साथ बीजेपी भी विरोध प्रदर्शन कर रही है। विधानसभा परिसर में बीजेपी विधायकों ने सरकार पर नौकरी बेचने का आरोप लगाते हुए इस्तीफे की मांग की।

झारखंड की राजधानी रांची में जेपीएससी और जेएसएससी में गड़बड़ी को लेकर एक तरफ छात्रों का प्रदर्शन जारी है तो दूसरी तरफ बीजेपी ने भी राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मॉनसून सत्र के दूसरे दिन बीजेपी नेता और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने विधायकों के साथ मिलकर विधानसभा परिसर में परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ प्रोटेस्ट किया।इस दौरान बीजेपी विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि, “जब तक मांगें पूरी नहीं होती, हंगामा जारी रहेगा। झारखंड के इन बच्चों ने जो वैल्यूज़ दिखाई हैं, उन्हें देखिए। पूरे देश को इनसे सीखना चाहिए कि प्रोटेस्ट कैसे किया जाता है। यह जंतर-मंतर पर पिज्जा और बर्गर खाने से होने वाला प्रोटेस्ट नहीं है… “

उन्होंने आगे कहा कि ” प्रोटेस्ट इतने लंबे समय से चल रहा है, फिर भी अधिकारी बातचीत करने या बच्चों की मांगें मानने को तैयार नहीं हैं। सरकार कहां सो रही है? उसे पावर में रहने का कोई हक नहीं है। जिस तरह से नौकरियां बेची गई हैं, और इसमें शामिल लोगों का चाल-चलन और कैरेक्टर बहुत ही शक के घेरे में है। सरकार को इस पर सोचने की ज़रूरत है…”विधानसभा परिसर में प्रदर्शन के दौरान सभी विधायक अपने गले में बैनर का पट्टा डालकर पहुंचे थे। जिस पर लिखा था- नौकरी के दुश्मन इस्तीफा दो।
