दैनिक जागो वर्ल्ड !कोडरमा

कोडरमा में बीते 24 घंटे की भारी वर्षा से सकरी और गोरी नदियाँ उफान पर हैं, जिससे कई इलाकों में जलभराव हो गया है। घरों में पानी घुसने और आवागमन प्रभावित होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त है, स्थानीय प्रशासन की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठे हैं।जिले में बीते 24 घंटे के दौरान हुई भारी वर्षा से नदी-नाले और जलस्रोत उफान पर आ गए हैं। लगातार वर्षा के कारण जिले के विभिन्न हिस्सों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में पूरे जिले में 35 मिलीमीटर से अधिक वर्षा हुई है। इससे डैमों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। सतगावां की सकरी नदी में पानी का बहाव काफी तेज हो गया है। जिले की सबसे चौड़ी नदियों में शामिल सकरी के उफान पर आने से आसपास के लोगों की चिंता बढ़ गई है। वहीं, चंदवारा की गोरी नदी भी तेज धार के साथ बह रही है।

चंदवारा थाम रोड स्थित गोरी नदी पर बने पुल के ऊपर से पानी का बहाव होने लगा है। इससे आवागमन प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। मरकच्चो क्षेत्र की पांचखेरो नदी समेत अन्य जलस्रोतों में भी पानी का स्तर तेजी से बढ़ा है।इधर, कोडरमा नगर पंचायत क्षेत्र के दूधीमाटी और विवेकानंद कॉलोनी में बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई इलाकों में भारी जलभराव के कारण सड़कें पानी में डूब गईं। वहीं, कई घरों में बारिश का पानी घुस जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।स्थानीय लोगों का कहना है कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बार बारिश में ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है। झुमरी तिलैया शहर समेत जिले के अन्य इलाकों में भी लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई मोहल्लों में जलभराव के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई।निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को जलस्तर बढ़ने की चिंता सताने लगी है। लगातार बारिश के कारण जहां नदियों और डैमों का जलस्तर बढ़ने से जलस्रोतों में नई जान आई है, वहीं जलभराव ने स्थानीय प्रशासन की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है।
