दैनिक जागो वर्ल्ड!उत्तराखंड

भारी बारिश के कारण कैंची धाम और गरमपानी क्षेत्र में शिप्रा नदी उफान पर आ गई, जिससे लोग दहशत में आ गए और 2021 की आपदा को याद करने लगे।संवाद सूत्र, गरमपानी। भारी बारिश से उफान पर आई शिप्रा नदी का रौद्र रुप कैंची व गरमपानी खैरना क्षेत्र में देखने को मिला हालांकि उफनाई शिप्रा नदी से किसी भी प्रकार का कोई नुकसान नहीं हुआ।

नदी क्षेत्र में जगह जगह रखी निर्माण सामग्री नदी के बहाव में बह गई। नदी के तेज बहाव का विडियो इंटरनेट प्लेटफार्म पर तेजी से वायरल होने से लोग सख्ते में आ गए तथा कैंची व आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले चिर-परिचितों से स्थिति की जानकारी जुटाते रहे।लगातार बारिश से उत्तरवाहिनी शिप्रा का वेग कई गुना बढ़ जाने से कैंची, रातीघाट, पाडली व गरमपानी खैरना क्षेत्र के लोग दहशत में आ गए। कैंची क्षेत्र में मुख्य आश्रम के समीप तेज बहाव में बहती शिप्रा नदी का विडियो इंटरनेट प्लेटफार्म पर तेजी से वायरल होने से लोगों की चिंता बढ़ गई।प्रशासन की टीम ने भी स्थिति का जायजा लिया हालांकि आश्रम परिसर के आसपास मजबूत बाढ़ सुरक्षा कार्यों से नदी के तेज बहाव का कोई असर देखने को नहीं मिला। नदी क्षेत्र में जगह जगह रखी गई निर्माण सामग्री जरुर नदी के उफान की भेंट चढ़ गई।देश के अलग-अलग शहरों में रहने वाले बाबा नीब करौरी के भक्तों ने कैंची व आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले परिचितों से स्थिति की जानकारी जुटाने में लगे रहे। बुधवार को नदी का बहाव कम होने से लोगों ने राहत की सांस ली। सैकड़ों भक्त बाबा के दर पर शीश झुकाने पहुंचे।लगातार बारिश व आसपास के बरसाती नाली के उफान में आने से गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र के ठिक पीछे बहने वाली शिप्रा नदी का बहाव बढ़ने से क्षेत्रवासी दहशत में आ गए।खतरा बढ़ता देख श्री कैंची धाम तहसील के तहसीलदार ने क्षेत्र में मुनादी कर खतरे की जद में आने वाले परिवारों को तत्काल राहत शिविर में पहुंचने को कहा। रातीघाट क्षेत्र में एक परिवार को दूसरे भवन में शिफ्ट करवाया गया। स्थानीय लोग भी घरों की छत से नदी के जलस्तर की निगरानी में जुटे रहे। बाजार क्षेत्र में जगह जगह पहाड़ी से पत्थर गिरने से खतरा दोतरफा बढ़ गया।तेज बारिश ने खतरे के लिहाज से अतिसंवेदनशील गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र में मुश्किलें बढ़ा दी है। बारिश के चलते बरसाती नालों के उफान में आने से शिप्रा नदी का जलस्तर कई गुना बढ़ गया। नदी का तेज बहाव देख वर्ष 2021 की आपदा को याद कर लोग सिहर उठे।कई लोग मकानों की छत पर चढ़कर नदी के तेज बहाव की निगरानी करने में जुट गए। नदी के लहरों के बीच बहते बोल्डरों के बाढ़ सुरक्षा कार्यों की बुनियाद से टकराने की आवाज से दहशत बढ़ गई।श्री कैंची धाम तहसील के तहसीलदार भुवन चंद्र भंडारी ने रातीघाट पहुंचकर एक परिवार को नदी के बहाव से दूर दूसरे भवन में शिफ्ट करवाया तथा गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र में मुनादी कर पूर्व में चिह्नित किए गए दस परिवारों को समय रहते जीआइसी खैरना में बनाए गए राहत शिविरों में पहुंचने के निर्देश दिए। नदी का बहाव देख स्थानीय लोग सहम गए वहीं गरमपानी स्थित देवी मंदिर तथा खैरना बाजार क्षेत्र में भी जगह जगह पहाड़ी से पत्थर गिरने से कई लोग चपेट में आने से बाल बाल बचे। लगातार पत्थरों के गिरने से खतरा दोगुना बढ़ गया।
