दैनिक जागो वर्ल्ड !बस्तर

छत्तीसगढ़ के बस्तर में जमीन की गहराइयों से 3.6 अरब साल पुराना चट्टान का टुकड़ा मिला है, जो अब भारत की सबसे प्राचीन चट्टान बन गई है। छत्तीसगढ़ के दक्षिण-पश्चिम बस्तर के जंगलों में जमीन की गहराइयों से मिली एक चट्टान का टुकड़ा करीब 3.65 अरब साल पुराना पाया गया है, जो अब हमारे पूरे भारत की सबसे पुरानी चट्टान बन चुकी है।यह टुकड़ा रहस्यमयी दौर का एक बेहद दुर्लभ गवाह है, जब हमारी पृथ्वी ठंडी होकर अपनी पहली ऊपरी परत बना ही रही थी। इस एक अनोखी खोज ने भारत के भूवैज्ञानिक इतिहास की उम्र को झटके में 15 करोड़ साल और पीछे धकेल दिया है।

यह खोज जर्नल जियोसाइंस फ्रंटियर्स में प्रकाशित होने वाले एक अध्ययन का हिस्सा है। इस खोज ने भारत के जीवित चट्टानी रिकॉर्ड को लगभग 150 मिलियन वर्ष पीछे ले जाकर झारखंड के सिंहभूम को पीछे छोड़ दिया है, जो दशकों से प्राचीनता के मामले में शीर्ष पर बना हुआ था। इससे पहले, बस्तर में किए गए शोध में चट्टानों की उम्र लगभग 3.56 अरब साल पुरानी आंकी गई थी।यह महत्वपूर्ण खोज भोपालपटनम-बीजापुर कॉरिडोर के किनारे सामने आई है। यहां एक क्रेटन यानी महाद्वीपीय क्रस्ट का एक प्राचीन टुकड़ा स्थित है, जो सदियों के टकराव, दबने और पिघलने के बावजूद सुरक्षित बच गया है।यह अध्ययन भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER) भोपाल के प्रोफेसर प्रीतम नासीपुरी और कौशिक सत्पथी द्वारा किया गया है। इसमें कोरिया बेसिक साइंस इंस्टीट्यूट के प्रोफेसर कीवुक यी और आईआईटी खड़गपुर के पूर्व प्रोफेसर अभिजीत भट्टाचार्य ने भी अपना सहयोग दिया है।
