अंब-अविनाश चौहान

नगर पंचायत अंब क्षेत्र के खिलाड़ियों को मंच देने के उद्देश्य से दो दिवसीय बैडमिंटन टूर्नामेंट का शुभारंभ शनिवार को आनंदा बैडमिंटन अकादमी में हुआ। “खेलो, जीतों, चमको” थीम पर आधारित यह प्रतियोगिता 11 और 12 अप्रैल को सुबह 9 बजे से आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
टूर्नामेंट में अंब नगर पंचायत क्षेत्र के लड़के और लड़कियां बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। खिलाड़ियों को उनकी आयु के अनुसार अंडर-7, अंडर-9, अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17 और अंडर-19 वर्गों में विभाजित किया गया है, जिससे हर वर्ग के प्रतिभागियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिल रहा है। प्रतियोगिता में केवल एकल मुकाबले खेले जा रहे हैं।
आयोजकों ने बताया कि प्रतिभागियों के लिए अपने शूज और रैकेट साथ लाना अनिवार्य किया गया था, जबकि पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 अप्रैल शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई थी। खिलाड़ियों के लिए आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र भी जरूरी रखा गया है।
प्रायोजक गौरव शर्मा ने जानकारी दी कि सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट प्रदान की जा रही है। विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रैक सूट, स्कूल किट बैग और सत्र 2026 की नई किताबें पुरस्कार स्वरूप दी जाएंगी।
टूर्नामेंट के मैनेजर राकेश शर्मा और कोच राकेश सिंह ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं में खेल प्रतिभा को निखारना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। रितु कुमारी सिंह आयोजन की जिम्मेदारी संभाल रही हैं, जबकि गौरव शर्मा प्रायोजक के रूप में सहयोग दे रहे हैं।
आयोजन को सफल बनाने में अभिषेक राणा, विवेक शर्मा, राकेश शर्मा, रजत ठाकुर, अनिल ठाकुर, निखिल राणा, गौरव शर्मा और दीपक राणा सहित अन्य सहयोगियों का सराहनीय योगदान रहा है। इनके सामूहिक प्रयास से यह आयोजन क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।


