दैनिक जागो वर्ल्ड!आगरा

नगर निगम ने आगरा के सुभाष बाजार स्थित महावीर नाले पर बनी 7 अवैध और जर्जर दुकानों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई 8 जुलाई को एक दुकान गिरने से महिला की मौत के बाद हुई, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से नोटिस दिए गए थे। शहर के व्यस्ततम सुभाष बाजार क्षेत्र में स्थित महावीर नाले पर अवैध और जर्जर स्थिति में बनी दुकानों के खिलाफ नगर निगम ने आखिरकार बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को नगर निगम की प्रवर्तन टीम भारी पुलिस बल और पोकलेन-जेसीबी मशीनों के साथ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अंजाम देने मौके पर पहुंची।

यह पूरी कार्रवाई 8 जुलाई को हुए उस दर्दनाक हादसे के बाद अमल में लाई जा रही है, जिसमें एक जर्जर दुकान के अचानक गिर जाने से एक महिला की दबकर मौत हो गई थी।इस हादसे के बाद नगर प्रशासन ने मामले की गहन जांच कराई तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच रिपोर्ट में सामने आया कि महावीर नाले के ऊपर बनी इन दुकानों का स्लैब बेहद कमजोर हो चुका था और वे कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती थीं।हादसे से सबक लेते हुए नगर निगम ने तुरंत संज्ञान लिया और सुरक्षा के लिहाज से नाले पर बनी 7 दुकानों को चिन्हित कर दुकानदारों को खाली करने का अल्टीमेटम दिया था।नोटिस मिलते ही 3 दुकानदारों ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपनी दुकानें खाली कर दी थीं। जबकि शेष 4 दुकानदारों ने सामान हटाने के लिए अतिरिक्त समय की मांग की थी। समय सीमा समाप्त होते ही बुधवार को नगर निगम का दस्ता दलबल के साथ कार्रवाई करने उतर पड़ा।अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि जनहानि को रोकने के लिए ऐसे खतरनाक निर्माणों को हटाना बेहद जरूरी है और शहर में नाले-नालियों पर हुए अवैध कब्जों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
