दैनिक जागो वर्ल्ड ऊना

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में पीर निगाह के पास श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से पांच वर्षीय बच्ची समेत आठ लोग घायल हो गए। ये श्रद्धालु पंजाब के मानसा से धार्मिक यात्रा पर निकले थे।हिमाचल प्रदेश में ऊना जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीर निगाह में रविवार को श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। हादसे में पांच वर्षीय बच्ची समेत आठ श्रद्धालु घायल हो गए। हादसा पीर निगाह और बसोली के बीच उतराई वाले मार्ग पर हुआ। घायलों को स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से एंबुलेंस के माध्यम से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार पंजाब के जिला मानसा के बलाडा क्षेत्र से श्रद्धालुओं का जत्था धार्मिक यात्रा पर निकला था। जत्थे ने पहले आनंदपुर साहिब में माथा टेका और इसके बाद मां श्री नैना देवी मंदिर में दर्शन किए। रविवार को श्रद्धालु पीर निगाह पहुंचे और यहां माथा टेकने के बाद ट्रैक्टर-ट्राली से वापस मानसा के गहड़ क्षेत्र की ओर रवाना हुए।पीर निगाह से कुछ दूरी पर उतराई के दौरान अचानक ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के समय ट्रैक्टर-ट्राली में 20 से अधिक श्रद्धालु सवार बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों और सुरक्षित बचे श्रद्धालुओं ने घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। घायलों में कश्मीर सिंह, जसवीर सिंह और सोमा देवी सहित अन्य शामिल हैं। पांच वर्षीय बच्ची मनकीरत को भी चोटें आई हैं।श्रद्धालुओं ने बताया कि पीर निगाह में माथा टेकने के बाद वे घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में अचानक हादसा हो गया। उन्होंने कहा कि भगवान का शुक्र है कि सभी की जान बच गई।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
