बंगाणा-जोगिंदर देव आर्य

बंगाणा खंड के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में एचपीवी वैक्सीनेशन कार्यक्रम का शुभारंभ हो गया। इस पहल से बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी घातक बीमारियों से बचाने के लिए जागरूकता फैलाई गई। इसी कड़ी में पीएचसी लठियानी के आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्वास्थ्य केंद्र में विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीना अरोड़ा के नेतृत्व में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी कंचन माला व शिवानी शर्मा, स्वास्थ्य कार्यकर्ता सुषमा शर्मा और स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आशा कार्यकर्ताओं—कांता देवी, रीता देवी, आशा देवी, सुनीता देवी, आशा रानी व रंजना—ने भी सक्रिय योगदान दिया। ग्राम पंचायतों से प्रिया शर्मा (लठियाणी), अवंतिका (बुधान), अनुराधा (ड्युंगली), पल्लवी (चमियाडी), पलक कोमल शर्मा व प्रत्यक्षा (तनोह) ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
स्वास्थ्य टीम ने न केवल टीकाकरण किया, बल्कि वैक्सीन के फायदों पर विस्तृत जानकारी भी साझा की। डॉ. अरोड़ा ने बताया, “यह क्षेत्र की बालिकाओं के स्वास्थ्य को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण कदम है। अगली खुराक 12 अप्रैल को दी जाएगी।”



