Wednesday, April 15, 2026
HomeNation WiseUttarakhandकैची धाम क्षेत्र में शराब की नई दुकान खोलने के विरोध में...

कैची धाम क्षेत्र में शराब की नई दुकान खोलने के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

नैनीताल-गोविन्द रावत

नैनीताल विधानसभा के कैची धाम क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा रातीघाट घुना हरतपा में प्रस्तावित शराब की नई दुकान खोलने के विरोध में शुक्रवार को स्थानीय ग्रामीणों व क्षेत्र जनप्रतिनिधियों ने सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजकर शराब की दुकान को निरस्त करने की मांग की गई। भवालीगांव जिला पंचायत सदस्य यशपाल आर्य ने
मुख्यमंत्री के ओएसडी से फोन पर वार्ता कर क्षेत्र की स्थिति से अवगत कराया और कहा कि धार्मिक व पर्यटन क्षेत्र होने के कारण यहां शराब की दुकान खोले जाने से क्षेत्र का माहौल खराब होगा। इसलिए दुकान का लाइसेंस निरस्त किया जाए। मुख्यमंत्री की ओर से आश्वस्त किया गया कि मामले में जल्द ही कार्रवाई करते हुए दुकान निरस्त करने के आदेश जारी किए जाएंगे। इस दौरान भवालीगांव जिला पंचायत सदस्य यशपाल आर्य ने कहा कि क्षेत्र की जनता शराब की दुकान के विरोध में एकजुट है और किसी भी हालत में यहां शराब की दुकान नहीं खुलने दी जाएगी। विरोध प्रदर्शन में बेतालघाट ब्लॉक प्रमुख अंकित शाह, मुकेश गरजोला, त्रिभुवन पाठक, क्षेत्र पंचायत सदस्य देवेंद्र भंडारी, हरीश सहित स्थानीय ग्रामीण व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular