भीमताल-ब्यूरोरिपोर्ट

भीमताल विधानसभा के ओखलकांडा ब्लॉक अंतर्गत खुजेठी से पतलिया मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण के लिए 1 करोड़ 24 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई है। शासनादेश जारी होने के बाद टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है और जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ होने की संभावना है। उक्त मोटर मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में था, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों और किसानों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर बरसात के मौसम में सड़क पर कीचड़ होने के कारण वाहन फंस जाते थे और लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती थी। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा से सड़क के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग की थी। मंत्री कैड़ा ने जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे।इसके बाद अब इस परियोजना को स्वीकृति मिल गई है। मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में क्षतिग्रस्त सड़कों के डामरीकरण का कार्य लगातार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्र के लोगों ने मंत्री कैड़ा का आभार व्यक्त किया है।



