हरोली-ब्यूरो रिपोर्टर
थाना हरोली क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
शिकायत के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि 3 अप्रैल 2026 को शाम करीब चार बजे वह अपनी बहन शोभा के साथ राजू करियाना स्टोर पर खाने-पीने का सामान लेने गई थी। सामान लेने के बाद जब दोनों वापस घर लौट रही थीं, तो रास्ते में कुश निवासी खड्ड ने कथित तौर पर पीड़िता को जबरन पकड़ लिया और पास ही बने ट्यूबवेल के कमरे में ले गया। आरोप है कि आरोपी ने पीड़िता के साथ मारपीट की और रात भर दुष्कर्म किया।
पीड़िता के अनुसार, 4 अप्रैल 2026 को करीब दोपहर एक बजे वह कमरे से बाहर निकली। इस दौरान रास्ते में उसे खड्ड गांव के दो लोग मिले। बाद में जब पीड़िता के पिता मौके पर पहुंचे और मामले के बारे में जानकारी ली, तो आरोप है कि उन दोनों लोगों ने कथित तौर पर उन्हें धमकाया और मामला रफा-दफा करने का दबाव बनाया। आरोपियों ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भाटिया ने बताया कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।



