Wednesday, October 21, 2026
HomeHImachal NewsUnaडुमखर में बनेगा आधुनिक खेल स्टेडियम, विधायक विवेक शर्मा ने किया प्रस्तावित...

डुमखर में बनेगा आधुनिक खेल स्टेडियम, विधायक विवेक शर्मा ने किया प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण

दैनिक जागो वर्ल्ड !

बंगाणा के डुमखर में बनेगा आधुनिक खेल स्टेडियम, विधायक विवेक शर्मा ने किया अधिकारियों के साथ उक्त स्थल का निरीक्षण,
विधायक विवेक शर्मा बोले,एक माह के भीतर होगी सभी अनियमिताएं पूर्ण, फिर करेंगे स्टेडियम का शिलान्यास,
बंगाणा,कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया गया है। डुमखर अग्नि शमन केंद्र के समीप खड्ड के किनारे खाली पड़ी सरकारी भूमि पर आधुनिक खेल स्टेडियम बनाने की योजना है। इसी को लेकर राज्य कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता एवं कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने शनिवार को लोक निर्माण विभाग मंडल बंगाणा तथा राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। विधायक ने मौके पर भूमि की स्थिति, पहुंच मार्ग तथा खेल मैदान के निर्माण से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी अधिकारियों से ली।विधायक विवेक शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्तावित खेल स्टेडियम से संबंधित सभी आवश्यक कागजी औपचारिकताओं को जल्द पूरा किया जाए, ताकि निर्माण कार्य को निर्धारित समय में शुरू करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि डुमखर में उपलब्ध सरकारी भूमि का उपयोग क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों के हित में किया जाएगा। यहां आधुनिक सुविधाओं से लैस खेल मैदान तैयार करने की योजना है, जहां विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकेंगी। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में युवा विभिन्न खेलों में प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन कई स्थानों पर उन्हें पर्याप्त खेल सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पातीं। ऐसे में डुमखर में प्रस्तावित स्टेडियम खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा।
बंगाणा क्षेत्र के पीपलू के बाद डुमखर में भी खेल सुविधाओं का विस्तार,
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि कुटलैहड़ में खेल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पीपलू में एक बड़ा खेल स्टेडियम तैयार किया जा रहा है, जबकि अब डुमखर में भी आधुनिक खेल स्टेडियम विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन खेल परिसरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपने ही क्षेत्र में अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर मंच मिलेगा। उन्होंने बताया कि डुमखर से प्रस्तावित खेल स्टेडियम तक बेहतर सड़क का निर्माण भी करवाया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों खेल प्रतियोगिताओं में आने वाले लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। स्टेडियम परिसर में खिलाड़ियों के आराम और ठहरने के लिए कमरों की सुविधा उपलब्ध करवाने की भी योजना है।

विधायक विवेक शर्मा ने एक माह में औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश,
विधायक विवेक शर्मा ने लोक निर्माण विभाग राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि से संबंधित सभी औपचारिकताएं और आवश्यक कागजी कार्रवाई निर्धारित समय में पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि करीब एक माह के भीतर सभी अनियमितताएं नहीं, बल्कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर खेल स्टेडियम का शिलान्यास करवाया जाए। इसके बाद निर्माण कार्य को गति प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्टेडियम का निर्माण केवल खेल मैदान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि खिलाड़ियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण की रूपरेखा तैयार करते समय खिलाड़ियों की सुविधा, सड़क संपर्क, विश्राम कक्ष तथा प्रतियोगिताओं के आयोजन जैसी आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
युवाओं को नशे से दूर रखने में खेलों की अहम भूमिका,
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है और खेल अधोसंरचना पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों, विशेषकर चिट्टे से दूर रखने के लिए उन्हें खेलों और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब युवाओं को गांव और क्षेत्र के स्तर पर ही बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी तो उनकी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगेगी। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ के युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए सरकार और प्रशासन मिलकर काम कर रहे हैं। डुमखर में प्रस्तावित आधुनिक खेल स्टेडियम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। विधायक ने अधिकारियों को निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने तथा सभी विभागीय कार्यवाही समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे

RELATED ARTICLES

Most Popular