दैनिक जागो वर्ल्ड !

न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम के विरोध में प्राथमिक शिक्षक संघ, 2 अक्टूबर को उपवास और कैंडल मार्चबंगाणा, जोगिंद्र देव आर्य। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ जिला ऊना के समस्त खंडों की बैठक खंड बंगाणा के थाना कलां में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष रमेश शर्मा तथा जिला अध्यक्ष ऊना संदेश कुमार ने की। बैठक में जिले के सभी खंड अध्यक्षों और अध्यापकों ने प्रदेश सरकार द्वारा प्राथमिक स्कूलों में लागू किए गए न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम का विरोध किया।अध्यक्ष रमेश शर्मा ने कहा कि विभाग की ओर से आए दिन नए-नए फरमान जारी किए जा रहे हैं, जिससे प्राथमिक अध्यापकों में रोष है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक विद्यालयों की पहचान रहे यू-डायस कोड भी समाप्त कर दिए गए हैं। संघ लंबे समय से न्यू कॉम्प्लेक्स प्रणाली का विरोध कर रहा है और सरकार से इस व्यवस्था को वापस लेने की मांग कर रहा है।

उन्होंने बताया कि विरोध के अगले चरण में 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के दिन प्रदेश के खंड स्तर से प्रदेश स्तर तक के पदाधिकारी एक दिन का उपवास रखेंगे तथा शाम को कैंडल मार्च निकालेंगे। इसके बाद 2 अक्टूबर से प्रदेशभर के प्राथमिक शिक्षक काले बिल्ले लगाकर स्कूलों में कार्य करेंगे।संघ पदाधिकारियों ने कहा कि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय होने तक यह विरोध प्रदर्शन अनिश्चितकालीन रूप से जारी रहेगा। बैठक में विभिन्न खंडों के अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में प्राथमिक शिक्षक उपस्थित रहे।
